अमृतसर एयरपोर्ट पर 35 लाख यात्री कर चुके सफर: कई देशों के लिए सीधी फ्लाइट; यात्री सुविधा दिवस पर कल होंगे प्रोग्राम – Amritsar News
अमृतसर स्थित श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने पिछले 12 वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। वर्ष 2013-14 में जहां इस एयरपोर्ट से करीब 10.34 लाख यात्रियों ने सफर किया था, वहीं वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 35 लाख 25 हजार से अधिक हो गई है। इसी तरह विमान संचालन की संख्या भी दोगुनी से ज्यादा हो चुकी है। कल यानी 15 जून 2026 को यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर एयरपोर्ट प्रशासन कई विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आज पंजाब का प्रमुख विमानन केंद्र बन चुका है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मार्गदर्शन में यहां कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। इनमें रनवे को कैट-3 मानकों के अनुरूप उन्नत करना, विमानों की पार्किंग क्षमता बढ़ाना, घरेलू कार्गो टर्मिनल का विकास, पैरेलल टैक्सी ट्रैक का निर्माण, चेक-इन काउंटरों की संख्या में वृद्धि तथा आधुनिक इनलाइन बैगेज हैंडलिंग सिस्टम की स्थापना शामिल है। यात्रियों को मिल रही कई सुविधाएं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजी यात्रा, फ्लाईब्रेरी, बच्चों के लिए प्ले जोन, उड़ान यात्री कैफे और फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। वर्तमान में अमृतसर एयरपोर्ट से देश के प्रमुख शहरों के अलावा यूनाइटेड किंगडम, खाड़ी देशों और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध हैं। यात्री दिवस पर होगा भव्य स्वागत कल मनाए जाने वाले यात्री सुविधा दिवस के तहत यात्रियों का तिलक, चॉकलेट और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर पौधारोपण अभियान, यात्रियों को पौधों का वितरण, स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और ड्राइवरों के लिए नेत्र जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। महिला कर्मचारियों को किया जाएगा सम्मानित कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और वंदे मातरम् कार्यक्रम भी आयोजित होगा। एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करना और समाज के साथ जुड़ाव को मजबूत करना है।
Source link

