290 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना: महाराजा रणजीत सिंह की बरसी मनाएंगे; गुरुधामों के दर्शन कर 30 जून को लौटेगा – Amritsar News

290 सिख श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना:  महाराजा रणजीत सिंह की बरसी मनाएंगे; गुरुधामों के दर्शन कर 30 जून को लौटेगा – Amritsar News




शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक सिख गुरुधामों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था आज सुबह अमृतसर स्थित शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) कार्यालय से रवाना हो गया। जत्थे की रवानगी से पहले धार्मिक मर्यादा के अनुसार अरदास की गई और श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। 30 जून को भारत लौटेंगे श्रद्धालु एसजीपीसी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इस वर्ष 302 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 290 श्रद्धालुओं को पाकिस्तान का वीजा प्राप्त हुआ। वीजा प्राप्त करने वाले सभी श्रद्धालु आज जत्थे के साथ पाकिस्तान के लिए रवाना हुए। यह जत्था पाकिस्तान में स्थित विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के गुरुद्वारों के दर्शन करेगा तथा 30 जून को भारत वापस लौटेगा। एसजीपीसी का संगत ने जताया आभार यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने धर्म और इतिहास से जुड़े पवित्र स्थलों के दर्शन का अवसर मिलने पर बेहद प्रसन्नता है। एक श्रद्धालु सुरिंदरपाल सिंह सिदकी ने कहा कि हर सिख की यह इच्छा होती है कि वह उन गुरुद्वारों में माथा टेके, जहां सिख गुरुओं और महान हस्तियों की यादें जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस यात्रा का इंतजार था और अब यह अवसर मिलने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई है। उन्होंने एसजीपीसी और संबंधित प्रशासन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस धार्मिक यात्रा के लिए किए गए प्रबंध सराहनीय हैं। शुभकामनाओं के साथ जत्थे को विदाई श्रद्धालुओं के चेहरों पर आध्यात्मिक उत्साह और श्रद्धा स्पष्ट दिखाई दे रही थी। संगत का मानना है कि यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करेगी, बल्कि सिख इतिहास और विरासत से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी प्रदान करेगी। पाकिस्तान रवाना हुए इस जत्थे को संगत ने शुभकामनाओं के साथ विदा किया और उनकी सुखद एवं सफल यात्रा के लिए अरदास की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *