लोहित एक्सप्रेस 12 घंटे लेट; जालंधर-दिल्ली ट्रेन लुधियाना में शॉर्ट-टर्मिनेट – Jalandhar News
भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच रेलवे की लेट-लतीफी और अचानक ट्रेनों के रूट में बदलाव ने मुसाफिरों की मुसीबत को दोगुना कर दिया है। वीरवार को जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर उस समय यात्रियों के सब्र का बांध टूट गया, जब लंबी दूरी की कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं और कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। इस अव्यवस्था के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर कैंट रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों के लिए पीने के पानी का संकट भी बना है। यहां पर ट्रेन रुकते ही यात्री पानी के लिए जलसेवा वालो से पानी के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं।वीरवार को यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशान लोहित एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15652) ने किया। इस ट्रेन के जालंधर पहुंचने का निर्धारित समय रात के 2:20 बजे का है। लेकिन परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण यह ट्रेन अपने तय समय से करीब 12 घंटे की भारी देरी से दोपहर बाद 2:30 बजे स्टेशन पर पहुंची। भीषण गर्मी में स्टेशन पर रात से इंतजार कर रहे यात्री पूरी तरह बेहाल नजर आए। उधर, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की रिकंस्ट्रक्शन के चलते अभी प्लेटफार्म पर पंखे नहीं लग पाए हैं। भीषण गर्मी में यात्री पानी के मारामारी करते नजर आए। कैंट स्टेशन पर जल सेवा निभा रहे लोगों को पानी की मांग के लिए पहुंच रहे लोगों को संभालना मुश्किल हो रहा है। जैसे ही स्टेशन पर कोई ट्रेन रुकती है, तो लोग बोतलें लेकर ठंडे पानी की तलाश के लिए निकलते हैं और जल सेवा वालों से पानी की बोतलें भरवाते हैं। गर्मी की छुट्टियों के कारण इस समय ट्रेनों में भारी रश चल रहा है। दिल्ली और मेरठ जाने वाली प्रमुख ट्रेनों जैसे गोल्डन टैंपल और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सीटें हाउसफुल चल रही हैं और पैर रखने तक की जगह नहीं है। ऐसे में जालंधर से सहारनपुर और मेरठ होकर दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 14681/14682 (नई दिल्ली-जालंधर एक्सप्रेस) एक बड़ा सहारा थी, क्योंकि इसमें एक दिन पहले भी आसानी से कंफर्म सीट मिल जाती थी, लेकिन रेलवे ने परिचालन कारणों का हवाला देते हुए 4 जून को दिल्ली से चली गाड़ी संख्या 14681 को जालंधर लाने के बजाय लुधियाना जंक्शन पर ही समाप्त (शॉर्ट-टर्मिनेट) कर दिया। इसका सीधा असर यह हुआ कि 5 जून को जालंधर सिटी से चलने वाली ट्रेन नंबर 14682 अब जालंधर के बजाय लुधियाना जंक्शन से ही (शॉर्ट-ओरिजिनेशन) अपनी यात्रा शुरू करेगी। जालंधर से जाने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब ढीली कर लुधियाना तक का सफर सड़क मार्ग से तय करना पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे गर्मी में असुविधा से बचने के लिए घर से निकलने से पहले रेलवे के पूछताछ नंबर 139 या NTES ऐप/वेबसाइट पर ट्रेनों की लाइव लोकेशन जरूर चेक कर लें। अमृतसर और छपरा रूट की तरफ जाने वाली कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें भी अपने तय समय से काफी पीछे चल रही हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर पैर रखने की जगह नहीं है। सिटी रेलने स्टेशन पर बैठे यात्री।
Source link

