शराब के पैसे मांगने पर ठेका कर्मियों से मारपीट, 7-8 युवकों पर केस दर्ज – Ludhiana News

शराब के पैसे मांगने पर ठेका कर्मियों से मारपीट, 7-8 युवकों पर केस दर्ज – Ludhiana News



भास्कर न्यूज| लुधियाना रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित हरीश वाइन ठेके पर सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। शराब के पैसे मांगने पर कुछ युवकों ने पहले ऑनलाइन पेमेंट का फर्जी मैसेज दिखाकर शराब हासिल करने की कोशिश की। जब उनकी चालाकी पकड़ी गई तो उन्होंने अपने साथियों को बुलाकर ठेके के सेल्समैन और स्टाफ पर हमला कर दिया। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गांव कोठी के निवासी और वर्तमान में हरीश वाइन ठेके पर कार्यरत सेल्समैन बलदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि 1 जून को वह ड्यूटी पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक ठेके पर आए और शराब की बोतल तथा डिस्पोजेबल गिलास खरीदे। भुगतान मांगने पर उन्होंने मोबाइल में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का एक मैसेज दिखाते हुए दावा किया कि पैसे भेज दिए गए हैं। जब बलदेव सिंह ने खाते में रकम न पहुंचने की बात कही और दोबारा भुगतान करने को कहा तो आरोपी फर्जी स्कैनर दिखाने लगे। संदेह होने पर ठेका कर्मियों ने उन्हें बिना पैसे दिए शराब ले जाने से रोक लिया। इस पर आरोपी भड़क गए और फोन कर अपने 4 से 5 अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने मिलकर सेल्समैन और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की पड़ताल में मुख्य आरोपी की पहचान गौरव निवासी मोहल्ला फतेहगढ़ के रूप में हुई है, जबकि अन्य आरोपी अभी अज्ञात हैं। डिवीजन नंबर-1 थाना पुलिस ने गौरव और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *