लुधियाना में नेशनल हाइवे 12 फुट धंसा: भारत नगर चौक के पास अफसरों ने फॉल्ट ढूंढने के लिए 30 फुट खोदी डाली सड़क – Ludhiana News
लुधियाना के भारत नगर चौक में नेशनल हाइवे अचानक 12 फुट हिस्से पर धंस गया। सुबह सड़क से एक भारी ट्रक गुजरा और उसके बाद सड़क धंस गई। लोगों ने पार्षद रूचि गुलाटी को सूचना दी। पार्षद ने तुरंत नगर निगम अफसरों को मौके पर तलब किया। नगर निगम ओएंडएम सेल व बीएंडआर सेल के अफसर मशीनरी लेकर मौके पर पहुंचे। अफसरों ने बेरिकेटिंग करके सड़क धंसने के कारण ढूंढना शुरू किया। जब उन्हें पता नहीं चला तो अफसरों ने करीब 30 फुट सड़क खोद डाली। सड़क खोदने के बाद भी उन्हें जमीन के अंदर कोई ऐसा फॉल्ट नहीं मिला जिसकी वजह से सड़क धंसी हो। अब फिलहाल नगर निगम अधिकारियों ने सड़क खोदकर काम रोक दिया है और अब वाटर सप्लाई शुरू होने के बाद फिर से फॉल्ट ढूंढा जाएगा। वाटर सप्लाई लीकेज होने का संशय पार्षद रूचि गुलाटी ने बताया कि जिस जगह पर सड़क धंसी है वहां पर काफी समय से पानी के बुलबुले आते रहते थे। कई बार निगम अफसरों को इस संबंध में बताया लेकिन किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि आज सुबह अचानक सड़क धंस गई और लोगों ने उन्हें सूचना दी। सूचना मिलने पर जब वो मौके पर पहुंचे तो सड़क पर करीब 12 फुट लंबा और 12 फुट चौड़े हिस्से में सड़क धंसी थी। तुरंत निगम अफसरों को मौके पर बुलाया। उन्होंने बताया कि अभी फॉल्ट नहीं मिला है। लगता है कि वाटर सप्लाई पाइप लीक हो रही है जिसकी वजह से मिट्टी धंस गई। उन्होंने बताया कि 12 बजे के बाद पानी की सप्लाई शुरू होगी तो फिर फॉल्ट ढूंढने का काम शुरू किया जाएगा। भारत नगर से बस स्टैंड जाने वाला ट्रैफिक बाधित सड़क भारत नगर चौक से बस स्टैंड की तरफ जाते हुए ईएसआई अस्पताल के सामने धंसी है। सड़क का काफी हिस्सा नगर निगम अफसरों ने खोद दिया है जिसके कारण ट्रैफिक निकलने के लिए काफी कम जगह बची है। इसकी वजह से काफी समय तक ट्रैफिक जाम रहा। ट्रैफिक पुलिस ने दोनों तरफ का ट्रैफिक एक ही लेन पर शिफ्ट कर दिया है। दो साल पहले बनी थी सड़क नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भारत नगर चौक से बस स्टैंड की तरफ एलिवेटिड रोड का निर्माण किया। करीब दो साल पहले यह एलिवेटिड रोड बनकर तैयार हुई। एलिवेटिड रोड के नीचे भी उसी दौरान सड़क बनाई गई थी।
Source link

