सिंगर ज्योति नूरां के पति पर हमले का आरोप: वेरका मिल्क प्लांट के पास झगड़ा, तेजधार हथियार चले, 1 का सिर फटा, 2 लोग सिविल में भर्ती – Jalandhar News
जालंधर के वेरका मिल्क प्लांट चौक पर गुरुवार देर रात सूफी गायक ज्योति नूरां के पति अभिषेक उस्मान का कार ड्राइवर के साथ साइड को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि उस्मान और उसके दोस्तों की कार रोड पर खड़ी थी। इस दौरान दूसरे कार ड्राइवर ने रास्ता रोकने का कारण पूछा तो दोनों में पहले बहस और फिर मारपीट शुरू हो गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर तेजधार हथियार दिख रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरे पक्ष के कालिया कॉलोनी निवासी सतिंदर पाल ने बताया कि वह वेरका मिल्क प्लांट की ओर जा रहे थे और उनकी कार का इंडिकेटर चालू था। तभी सामने से आई एक कार रुक गई। उसमें सवार चार-पांच युवकों ने रास्ता रोकने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया, तो उन्होंने हथियारों से हमला कर दिया। सतिंदर ने अपने बेटे को बुलाया, तो हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। सतिंदर पाल ने आरोप लगाया कि ज्योति नूरां के पति और उनके साथियों ने तेजधार हथियारों से हमला किया। इसमें उसका सिर फट गया जबकि बेटा भी घायल है। दूसरा पक्ष बोला-ज्योति नूरां के पति ने किया हमला
सतिंदर ने आरोप लगाया कि उसने हमले का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। घायल सतिंदर और उनके बेटे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। सतिंदर ने बताया कि उन्हें बाद में पता चला कि हमलावरों की कार सूफी गायक ज्योति नूरा के पति की थी, हालांकि वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। सतिंदर पाल ने अपने और बेटे के साथ हुई मारपीट की शिकायत थाना-1 की पुलिस को दे दी है। पुलिस बोली- वेरका प्लांट के पास झगड़े की मिली थी सूचना
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना एक के एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से बेरका मिल्क प्लांट के पास दो पक्षों में लड़ाई की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि हमले में दोनों पक्षों के दो-दो युवक घायल हुए हैं। एसएचओ राकेश कुमार ने आगे कहा कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी और दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की आगे की जांच की जाएगी।
Source link

