रोपड़ में एक्सीडेंट में दो युवकों की मौत: हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, एक परिवार का इकलौता बेटा, दूसरा सजाता था झांकियां – Ropar (Rupnagar) News
पंजाब के रूपनगर (रोपड़) के मलकपुर फ्लाईओवर पर एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। युवकों की बाइक हाईवे पर खड़े एक ट्रक से टकरा गई। मृतकों की पहचान घनौली निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मणी महादेव और हरकीरत सिंह उर्फ हैरी के रूप में हुई है। पारिवारिक सदस्यों के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर एक धार्मिक स्थल पर जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद उन्होंने घर लौटने का फैसला किया। मलकपुर फ्लाईओवर पर बारिश के कारण कम दृश्यता के चलते उनकी बाइक आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों युवकों को सरकारी अस्पताल रोपड़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यहां देखें फोटो… जागरण में झांकी सजाता था मनप्रीत मृतक मनप्रीत के पिता हरपाल सिंह पाली ने बताया कि मनप्रीत जागरण में धार्मिक झांकियां सजाने का काम करता था और घनौली में उसका सैलून भी था। हरकीरत फिल्म इंडस्ट्री में मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर कार्यरत था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। थाना सदर रूपनगर के एसएचओ इंस्पेक्टर सनी खन्ना ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रूपनगर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link

