पठानकोट के गांव मंगयाल में ग्रामीणों का प्रदर्शन: नालियों की सफाई न होने से ग्रामीण बेहाल, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी – Pathankot News
पठानकोट के हल्का भोआ के अधीन आते गांव मंगयाल में ग्रामीणों ने गलियों और नालियों की सफाई न होने तथा जलभराव की समस्या को लेकर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि गांव में लंबे समय से सफाई व्यवस्था बदहाल है, जिसके कारण गंदा पानी गलियों से होकर घरों तक पहुंच रहा है। इससे मक्खियों और मच्छरों की संख्या बढ़ रही है तथा बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। 35 साल से समस्या बरकरार स्थानीय महिला राणो देवी ने बताया कि वह पिछले लगभग 35 वर्षों से इस समस्या का सामना कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गंदे पानी की निकासी न होने के कारण उन्हें कर्ज लेकर अपने मकान का स्तर ऊंचा करवाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार गांव के सरपंचों के समक्ष समस्या उठाई गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि गलियों में गंदा पानी और कीड़े-मकोड़े घूमते रहते हैं, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। 20 दिन से इलाके में नहीं हुई सफाई प्रदर्शन में शामिल कविता ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों से इलाके में गंदा पानी जमा है और सफाई की कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी बंद होने के कारण लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गांव के सरपंच से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। निकासी के लिए नालों का किया जाए निर्माण वहीं कृष्णा देवी ने कहा कि गांव के दोनों ओर नालों का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि गंदे पानी की उचित निकासी हो सके। उन्होंने कहा कि जलभराव और गंदगी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। पार्टीबाजी के चलते लोग बना रहे मुद्दा उधर, जब इस संबंध में गांव के सरपंच राम सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनकी ओर से गांव के विकास के लिए लगातार कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पार्टीबाजी के कारण इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। सरपंच ने बताया कि उन्हें पद संभाले अभी करीब डेढ़ वर्ष ही हुआ है, जबकि यह समस्या कई वर्षों पुरानी है। राम सिंह ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में है और वह इस संबंध में मंत्री से भी बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव की जलनिकासी और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
Source link

