अमृतसर में अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़: 43 लोग रेस्क्यू; संचालक के बेटे समेत 6 गिरफ्तार, जांच जारी – Amritsar News
अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस ने एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर केंद्र से 43 लोगों को रेस्क्यू किया। पुलिस के अनुसार इन लोगों को गैर-कानूनी तरीके से केंद्र में रखा गया था। इस मामले में केंद्र के मुख्य संचालक कुलदीप कुमार उर्फ चौहान, उसके बेटे सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जसपाल और करमजीत के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। 43 लोगों को रेस्क्यू किया गया एडीसीपी विशालजीत सिंह ने बताया कि थाना गेट हकीमां पुलिस को बीती देर रात अवैध तरीके से चल रहे नशा मुक्ति केंद्र की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल सर्जन कार्यालय की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान केंद्र में मौजूद 43 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सरकारी मान्यता प्राप्त नशा मुक्ति केंद्रों में भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि केंद्र में रह रहे लोगों को कथित तौर पर उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा जाता था। उनके साथ मारपीट किए जाने और जबरन दवाइयां देने के आरोप भी लगे हैं। रेस्क्यू किए गए एक युवक पवनदीप सिंह ने दावा किया कि वह करीब तीन महीने तक इस केंद्र में रहा। उसके अनुसार हर महीने 15 हजार रुपये फीस ली जाती थी और मरीजों के साथ मारपीट की जाती थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों की केंद्र से बाहर जाने के बाद नशे की ओवरडोज से मौत हो चुकी है। दवाइयों की सप्लाई और पूरे नेटवर्क की जांच जारी फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। केंद्र में इस्तेमाल की जा रही दवाइयों और अन्य सामग्री की सप्लाई कहां से होती थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

