अबोहर में मेरी रसोई योजना का शुभारंभ: 22 हजार कार्डधारकों को मिलेगी राशन किट; गरीब परिवार को राहत देना उद्देश्य – Abohar News
फाजिल्का जिले के अबोहर में पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना का शुभारंभ कर दिया गया है। इस योजना के तहत पात्र राशन कार्ड धारकों को गेहूं के साथ आवश्यक खाद्य सामग्री से युक्त राशन किट वितरित की जाएगी। इसका उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देना है। योजना की स्थानीय शुरुआत आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज अरुण नारंग ने 5 जून को फाजिल्का रोड स्थित शगुन पैलेस में की। उन्होंने वार्ड नंबर 49 और 50 के निवासियों को राशन किट वितरित की। इस अवसर पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी विकास बतरा, पार्षद गणेश सबलानिया और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। जनहित में फैसले ले रही मान सरकार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण नारंग ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जनहित में फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की अधिकांश योजनाएं गरीब, जरूरतमंद और मध्यम वर्गीय परिवारों को महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से बनाई गई हैं। नारंग ने जानकारी दी कि इस बार सरकारी डिपो पर गेहूं वितरण के साथ राशन कार्ड धारकों को विशेष राशन किट भी मिलेगी। इस किट में सरसों का तेल, चीनी, नमक, हल्दी और दाल जैसी आवश्यक खाद्य वस्तुएं शामिल होगी। राशन कार्ड धारकों को भी मिलेगा लाभ जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (डीएफएसओ) विकास बतरा ने बताया कि इस योजना का लाभ केवल अबोहर तक सीमित नहीं रहेगा। बल्लूआना विधानसभा क्षेत्र के राशन कार्ड धारकों को भी इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि अबोहर में लगभग 22 हजार और बल्लूआना में 28 हजार राशन कार्ड धारकों को ये राशन किटें वितरित की जाएगी। विभाग द्वारा डिपो तक पहुंचाई जा रही किट उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राशन किटों की आपूर्ति डिपो तक पहुंचाई जा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए डिपो धारकों को सुबह और शाम के समय वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वितरण स्थलों पर छांव, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है। अफरा-तफरी की जरूरत नहीं विकास बतरा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राशन किटें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और सभी डिपो पर चरणबद्ध तरीके से वितरित की जाएगी, इसलिए किसी प्रकार की जल्दबाजी या अफरा-तफरी की आवश्यकता नहीं है। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को उसका हक समय पर मिलेगा। वहीं पार्षद गणेश सबलानिया ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महंगाई के दौर में गरीब परिवारों के लिए यह योजना बड़ी राहत साबित होगी और उनके घरेलू खर्च में कमी आएगी।
Source link

