चंडीगढ़ 15 दिन में दो महिला तस्कर गिरफ्तार: एक से 11.5 ग्राम, दूसरी से 14.5 ग्राम हेरोइन बरामद, उम्र का फायदा उठाकर बेच रही नशे – Chandigarh News
चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के भीतर दो महिला आरोपियों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। ताजा मामले में सेक्टर-56 निवासी 54 वर्षीय गीता को 11.5 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया है, जबकि इससे पहले सेक्टर-38ए निवासी 60 वर्षीय गीता को 14.5 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया था। दोनों मामलों में सेक्टर-39 थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए हैं। इन दोनों आरोपियों को सब इंस्पेक्टर आशा ने पकड़ा है। नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिसके अनुसार दोनों महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद अब उनके पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे शहर के किन-किन इलाकों में नशे की सप्लाई करती थीं, उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और हेरोइन कहां से लाई जाती थी। पुलिस दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन का डेटा भी खंगाल रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दोनों महिलाओं की उम्र अधिक होने के कारण आमतौर पर लोगों को उन पर शक नहीं होता था। इसी का फायदा उठाकर वे कथित तौर पर नशे के कारोबार में सक्रिय थीं। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या दोनों महिलाओं के बीच कोई संबंध था या वे अलग-अलग नेटवर्क के लिए काम कर रही थीं। सरकारी स्कूल के पास पकड़ी महिला ताजा मामले में सब इंस्पेक्टर आशा पुलिस के साथ गश्त पर थी। इसी दौरान सेक्टर-56 स्थित सरकारी स्कूल के पास एक महिला दिखाई दी। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गीता निवासी सेक्टर-56 के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं इससे पहले 19 मई को सेक्टर-38ए में गश्त के दौरान पुलिस ने एक अन्य महिला को पकड़ा था। तलाशी में उसके कब्जे से 14.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। आरोपी की पहचान गीता निवासी सेक्टर-38ए के रूप में हुई। मौके पर फील्ड टेस्ट में बरामद पदार्थ हेरोइन पाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पहले से अपराधिक केस दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सेक्टर-56 निवासी गीता के खिलाफ पहले भी चोरी और सेंधमारी के कई मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियां अब दोनों महिलाओं की आपराधिक गतिविधियों और उनके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ और मोबाइल डेटा विश्लेषण से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
Source link

