मोगा में स्वच्छता परियोजनाओं की समीक्षा: 314 गांवों को फंड जारी, DC ने विकास कार्यों में तेजी के निर्देश दिए – Moga News
मोगा के डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने जिला वाटर एवं सैनिटेशन मिशन के तहत संबंधित विभागों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जल आपूर्ति एवं स्वच्छता विभाग के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में जिला परिषद, वन, शिक्षा, कृषि, पंचायती राज विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ सभी ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी भी उपस्थित थे। डिप्टी कमिश्नर सेतिया ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के निर्माण कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के लिए मोगा जिले के 314 गांवों को फंड जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 117 गांवों में कार्य पूरे हो गए हैं। उन्होंने बीडीपीओ को शेष गांवों में कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। DC ने अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए इसके अतिरिक्त, उन्होंने संबंधित विभागों को बाघापुराना ब्लॉक के 22 गांवों में स्थापित किए जाने वाले साझा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। तरल अपशिष्ट प्रबंधन (लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट) परियोजना के तहत जिले के 268 गांवों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत फंड आवंटित किए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर ने निर्देश दिए कि शेष गांवों में भी यह कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि मोगा जिले के अधिक से अधिक गांवों को ओडीएफ प्लस मॉडल घोषित किया जा सके।
Source link

