फतेहगढ़ साहिब में बढ़ते अपराधों पर किसानों का गुस्सा: SSP कार्यालय का घेराव, बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज होगा – Fatehgarh Sahib News
फतेहगढ़ साहिब जिले में चोरी, लूट और छिनैती की बढ़ती घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को किसानों ने एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। क्रांतिकारी किसान यूनियन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान किसानों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रही है। यूनियन के जिला प्रधान हरनेक सिंह भल्लमाजरा और किसान नेता हरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। घरों से नकदी, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान लगातार चोरी हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त, किसानों और मजदूरों की भैंसें भी चुराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। किसान नेताओं ने यह भी बताया कि खेतों से मोटरों के स्टार्टर, बिजली की केबलें और ट्रांसफार्मर चोरी होना अब सामान्य हो गया है। सड़कों पर राहगीरों को भी खुलेआम लूटा जा रहा है, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी बोलें- कई बार थाना प्रभारी और SSP को दी शिकायतें प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित थाना प्रभारियों और जिला एसएसपी को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अधिकांश मामलों में न तो आरोपी गिरफ्तार हुए और न ही चोरी का सामान बरामद हो सका। उन्होंने पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली को अपराधियों के बढ़ते हौसलों का कारण बताया। क्रांतिकारी किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द ही चोरी और लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की और अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो जिला स्तर पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरने के दौरान डीएसपी कुलवीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों की मांगों को सुना और आश्वासन दिया कि पुलिस सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करेगी तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। डीएसपी के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
Source link

