ट्रम्प के जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में फाइटिंग मुकाबला होगा: UFC चीफ बोले- यह ट्रम्प का आइडिया; 85 हजार फ्री टिकट देने की तैयारी
वॉशिंगटन डीसी22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 14 जून को 80 साल के हो जाएंगे। इस मौके पर व्हाइट हाउस में अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप (UFC) के मुकाबले करााए जाएंगे। UFC दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) संस्था है। इसमें अलग-अलग फाइटिंग खेलों के खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं।
UFC चीफ डाना व्हाइट ने बताया कि व्हाइट हाउस में फाइट कराने का विचार खुद ट्रम्प ने दिया था। उनके मुताबिक इसके लिए व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में खास फाइटिंग एरिया बनाया जा रहा है। व्हाइट ने बताया कि ट्रम्प चाहते थे कि यह मुकाबला अमेरिका के 250वें स्थापना वर्ष के जश्न का हिस्सा बने।
अल जजीरा के मुताबिक, इस अस्थायी स्टेडियम में 4 हजार से ज्यादा लोग बैठ सकेंगे। इसके अलावा व्हाइट हाउस के पास एलिप्स फील्ड में फाइट्स दिखाने के लिए बड़ी स्क्रीनें लगाई जाएंगी। यहां 75 हजार से लेकर 1 लाख लोग मुफ्त में मुकाबला देख सकेंगे।
UFC ने फाइटिंग एरिया की तस्वीरें जारी की…

UFC ने ऑक्टागन पिंजरे का नया डिजाइन जारी किया है। इसे व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में बनाया जा रहा है।

तस्वीर में फाइटिंग केज के ऊपर अमेरिकी झंडे की थीम वाला बड़ा आर्च दिखाई दे रहा है।

ट्रम्प के जन्मदिन पर आयोजित हो रहे इस शानदार मुकाबला के लिए लाइटिंग का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इस फायटिंग एरिया को बनाने का काम बेहद तेजी से चल रहा है।

UFC चीफ डाना ने बताया कि यह आयोजन अमेरिका की स्थापना के 250 साल पूरे होने के कार्यक्रमों का हिस्सा है।
ट्रम्प बोले- UFC मुकाबलों की बहुत ज्यादा मांग
ट्रम्प ने हाल ही में कहा था कि UFC मुकाबले के टिकटों की बहुत ज्यादा मांग है। उन्होंने कहा, मैंने कभी लोगों को किसी चीज के लिए इतना उत्साहित नहीं देखा। यह एक अलग और खास UFC इवेंट होगा। अधिकारियों ने बताया कि मुकाबले से पहले खिलाड़ियों का वजन मापने की प्रोसेस लिंकन मेमोरियल में होगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस में इस इवेंट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा, ट्रम्प अगस्त में वॉशिंगटन की सड़कों पर इंडीकार कार रेस कराने की भी तैयारी कर रहे हैं। यह रेस वॉशिंगटन मॉन्यूमेंट और अमेरिकी संसद भवन जैसी मशहूर जगहों के पास से गुजरेगी।
ट्रम्प और UFC चीफ की दोस्ती काफी पुरानी
ट्रम्प और डाना व्हाइट की दोस्ती काफी पुरानी है। राजनीति में आने से पहले ट्रम्प ने UFC को अपने होटल और प्रॉपर्टी में फाइटिंग इवेंट आयोजित कराने की इजाजत दी थी। उस समय कई लोग इस खेल की आलोचना करते थे।
बदले में डाना व्हाइट ने कई बार सार्वजनिक रूप से ट्रम्प का समर्थन किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहूर पॉडकास्टर और UFC कमेंटेटर जो रोगन को ट्रम्प का समर्थन करने के लिए मनाने में भी डाना व्हाइट की अहम भूमिका रही थी।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता डेविस इंग्ल ने कहा कि यह कार्यक्रम इतिहास के सबसे बड़े और यादगार खेल आयोजनों में से एक होगा।
अब UFC को जानिए…
अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप (UFC) दुनिया की सबसे बड़ी मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) संस्था है। इसमें अलग-अलग फाइटिंग खेलों के खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करते हैं।
UFC में बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, ब्राजीलियन जिउ-जित्सु और किकबॉक्सिंग जैसी कई फाइटिंग तकनीकों का इस्तेमाल होता है।
इस खेल में फाइटर एक खास आठ कोनों वाले पिंजरेनुमा रिंग में लड़ते हैं, जिसे ऑक्टागन कहा जाता है। मुकाबले के दौरान खिलाड़ी पंच, किक, पकड़ और ग्राउंड फाइटिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करते हैं।
UFC की शुरुआत 1993 में अमेरिका में हुई थी। शुरुआत में इसे बहुत हिंसक खेल माना जाता था, लेकिन बाद में इसमें कई सुरक्षा नियम जोड़े गए और अब यह दुनिया के सबसे लोकप्रिय स्पोर्ट्स इवेंट में गिना जाता है।


