जगराओं में 10 साल की बच्ची से लूट: बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल और नकदी छीनी, वारदात CCTV में कैद – Jagraon News
जगराओं में रानी झांसी चौक के पास बाइक सवार दो लुटेरों ने एक बच्ची से मोबाइल फोन और कुछ नकदी छीन ली। यह घटना बब्बे वाली गली में हुई और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित बच्ची के पिता जयवीर ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी और अन्य बच्चे अपने मामा के घर से वापस लौट रहे थे। बच्ची को डराकर मोबाइल छीना जब वे घर के पास पहुंचे, तो पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उन्हें रोक लिया। लुटेरों ने बच्चों से उनके माता-पिता के बारे में पूछा। बच्चों ने बताया कि वे पीछे आ रहे हैं। इसके बाद लुटेरों ने अपनी बाइक आगे ले जाकर वापस मोड़ी और बच्ची को डरा-धमकाकर उसके हाथ से मोबाइल फोन और कुछ रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देकर वे मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अन्य बच्चे डरकर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ती लूटपाट की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि अब लुटेरे गलियों के अंदर घुसकर भी वारदातें कर रहे हैं, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
Source link

