पटियाला में बेरोजगार लाइनमैन टावर पर चढ़े: लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे, पक्का मोर्चा लगाएगी यूनियन; भारी पुलिस बल तैनात – Patiala News

पटियाला में बेरोजगार लाइनमैन टावर पर चढ़े:  लाठीचार्ज के विरोध में धरने पर बैठे, पक्का मोर्चा लगाएगी यूनियन; भारी पुलिस बल तैनात – Patiala News




पटियाला में 2600 बेरोजगार अप्रेंटिसशिप लाइनमैन यूनियन के सदस्यों ने अपने आंदोलन को तेज कर दिया है। अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे यूनियन के कई सदस्य आज गांव भेड़पुरा के पास एक ऊंचे टावर पर चढ़ गए। उनके अन्य साथी टावर के नीचे धरने पर बैठ गए और स्थायी मोर्चा लगाने की तैयारी शुरू कर दी। यह प्रदर्शन पावरकॉम हेड ऑफिस के बाहर पिछले कई दिनों से चल रहा था। तीन दिन पहले पटियाला पावरकॉम हेड ऑफिस के गेट पर इन्हीं प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज हुआ था। इस लाठीचार्ज में घायल हुए कई बेरोजगार लाइनमैनों को राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रशासन ने कल पटियाला में धारा 144 लागू कर दी थी, जिसके बाद यह आशंका बढ़ गई थी कि प्रदर्शनकारियों को पावरकॉम हेड ऑफिस के सामने से हटाया जा सकता है। इसी के चलते अप्रेंटिसशिप लाइनमैन अचानक गांव भेड़पुरा के पास पहुंचे और उनमें से कुछ टावर पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सरकार और विभाग के समक्ष अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी मजबूरी के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। टावर पर चढ़े युवकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। दूसरी ओर, टावर के नीचे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रदर्शनकारी अपने संघर्ष को निर्णायक मोड़ तक ले जाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रशासन प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्वक नीचे उतरने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *