लुधियाना में कबाड़ी मार्केट में भीषण आग: 25 फीट तक उठीं लपटें: ट्रक और क्रेन भी जले,लोगों में सहम – Ludhiana News
लुधियाना के कबाड़ी मार्केट (मियां मार्केट) के पास जूम होटल रोड पर मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। सड़क पर पड़े स्क्रैप में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें करीब 20 से 25 फीट तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का पता सुबह करीब 5 बजे लोगों को चला। स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की ऊंची लपटें देख शोर मचाया। लोगों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते सड़क किनारे खड़े एक ट्रक और क्रेन को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। शोर-शराबा सुनकर लोग घरों से बाहर निकले प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि सुबह अचानक मार्केट में शोर-शराबा हुआ और लोग घरों से बाहर निकले। लोगों ने कहा कि ट्रांसफार्मर में आग लगी है। जब मौके पर जाकर देखा तो कबाड़ के सामान में भीषण आग लगी हुई थी। आग इतनी तेज थी कि लोग पास जाने से भी डर रहे थे। लोगों को आशंका थी कि स्क्रैप या ट्रांसफार्मर में कोई विस्फोटक चीज न हो। 10 से ज्यादा पानी की गाड़ियां आग बुझाने में लगी घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर 4 से 5 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। करीब 10 से ज्यादा पानी के टैंकर और गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि ट्रक, क्रेन और भारी मात्रा में स्क्रैप जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
Source link

