अबोहर में नशा तस्करों पर पुलिस की कार्रवाई: 7 ग्राम हेरोइन, 20 नशीली गोलियां बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार – Abohar News
अबोहर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो नशा तस्करों सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन और 20 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। एक युवक को नशे की हालत में भी पकड़ा गया है। डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पूरे जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना नंबर-1, थाना खुईयां सरवर और थाना नंबर-2 की पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा है। थाना नंबर-1 के प्रभारी मनिंदर सिंह के अनुसार, हवलदार हर्ष कुमार अपनी टीम के साथ दाना मंडी के पीछे गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अजीत नगर निवासी काबल सिंह पुत्र मक्खन सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं थाना खुईयां सरवर की पुलिस ने गांव हरीपुरा में गश्त के दौरान गांव सप्पांवाली निवासी अर्शदीप सिंह पुत्र हरनेक सिंह को 20 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर थाना नंबर-2 की पुलिस ने दौलतपुरा माइनर के पास एक युवक को संदिग्ध हालत में घूमते पाया। मेडिकल जांच और डोप टेस्ट में नशे की पुष्टि होने पर चंडीगढ़ मोहल्ला निवासी प्रगट सिंह पुत्र बिट्टू सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27, 61 और 85 के तहत कार्रवाई की गई। डीएसपी हरीश कुमार ने कहा कि नशा तस्करों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।
Source link

