फाजिल्का में भट्ठा मजदूर यूनियन के सम्मेलन में बवाल: दो गुटों में चलीं लाठियां, तीन घायल; चुनाव को लेकर हुआ विवाद – Fazilka News

फाजिल्का में भट्ठा मजदूर यूनियन के सम्मेलन में बवाल:  दो गुटों में चलीं लाठियां, तीन घायल; चुनाव को लेकर हुआ विवाद – Fazilka News




फाजिल्का के लाधुका क्षेत्र स्थित एक निजी पैलेस में भट्ठा मजदूर यूनियन के सम्मेलन के दौरान दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, भट्ठा मजदूर यूनियन की ओर से मजदूरों की मांगों और यूनियन पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर एक सम्मेलन आयोजित किया गया था। सम्मेलन के दौरान यूनियन का दूसरा गुट भी मौके पर पहुंच गया और कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लाठियां चलीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लाठियां चलीं, जिससे कई लोग घायल हो गए। भट्ठा मजदूर यूनियन के नेता बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी यूनियन द्वारा मजदूरों की समस्याओं और मांगों पर चर्चा की जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोग, जो यूनियन का हिस्सा नहीं हैं, अलग गुट बनाकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और माहौल खराब कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी यूनियन के पास बहुमत है और विरोध करने वाले लोगों ने बिना वजह विवाद खड़ा किया। वहीं दूसरे पक्ष के शुबेग सिंह ने आरोप लगाया कि सम्मेलन की आड़ में बाहर से लोगों को बुलाकर यूनियन पदाधिकारियों के चुनाव कराए जा रहे थे। जब यूनियन प्रधान प्रेम सिंह और अन्य मजदूरों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि झड़प में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस चौकी लाधुका के इंचार्ज एसआई बलकार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *