पंजाब-चंडीगढ़ में 4 दिन बारिश-आंधी की चेतावनी: आज 10 जिलों में अलर्ट, हीटवेव से राहत; कमजोर मानसून से 18 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती बिजली मांग – Chandigarh News

पंजाब-चंडीगढ़ में 4 दिन बारिश-आंधी की चेतावनी:  आज 10 जिलों में अलर्ट, हीटवेव से राहत; कमजोर मानसून से 18 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती बिजली मांग – Chandigarh News




पंजाब और चंडीगढ़ में 3 दिन से बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। आज 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण तापमान में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से 7.6 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 6 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि अगले एक सप्ताह में तापमान फिर से 6 से 8 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं दूसरी ओर, पंजाब के लिए कमजोर मानसून की आशंका चिंता बढ़ा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस साल राज्य में सामान्य से कम बारिश हो सकती है। ऐसे में धान की खेती के दौरान सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भरता बढ़ेगी और बिजली की मांग रिकॉर्ड 18 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि कम बारिश और एलनीनो की स्थिति के कारण भूजल संकट और गहरा सकता है। इसी चुनौती से निपटने के लिए सरकार डीएसआर तकनीक को बढ़ावा दे रही है, जिससे पानी, बिजली और श्रम की बचत हो सके। हीटवेव से राहत, 10 जिलों में बारिश की संभावना मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 3-4 दिनों में इसके केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके असर से उत्तर भारत के कई इलाकों में बादल छा सकते हैं। इसका असर पंजाब पर भी पड़ सकता है, जिससे अगले कुछ दिनों तक मौसम ठंडा रहेगा और हीटवेव से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन समेत आसपास के क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 4 जून के बाद तापमान दोबारा बढ़ने लगेगा मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 6 जून तक मौसम बदलता रहेगा। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 4 जून को बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक रह सकती हैं। अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 6 से 8 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। कमजोर मानसून से बढ़ेगा भूजल और बिजली पर दबाव पंजाब में इस साल कमजोर मानसून रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि राज्य में इस बार सामान्य से कम बारिश होगी। वहीं, धान की बुवाई के मौसम में बिजली की मांग रिकॉर्ड 18 हजार मेगावाट तक पहुंच सकती है, जो पिछले साल के 17,300 मेगावाट के रिकॉर्ड से अधिक होगी। IMD के अनुसार, पंजाब में मानसूनी बारिश लंबी अवधि के औसत के 92% से भी कम रहने की संभावना है। मानसून के जुलाई की शुरुआत में पहुंचने का अनुमान है। कम बारिश के कारण किसानों को सिंचाई के लिए भूजल पर अधिक निर्भर रहना पड़ेगा, जिससे पहले से गंभीर जल संकट और गहरा सकता है। पंजाब में हर साल करीब 32 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती होती है। राज्य में 13.94 लाख से अधिक कृषि ट्यूबवेल हैं, जिनके जरिए सिंचाई की जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश में कमी होने पर भूजल का उपयोग और बढ़ेगा। आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में भूजल की स्थिति चिंताजनक है। राज्य का वार्षिक भूजल का उपयोग 26.27 अरब घन मीटर तक पहुंच चुका है, जबकि उपलब्ध योग्य भूजल की सीमा 16.80 अरब घन मीटर है। इस तरह भूजल उपयोग का स्तर 156.36% तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशांत महासागर में विकसित हो रही एलनीनो की स्थित मानसून को प्रभावित कर सकती हैं। यदि बारिश कम हुई तो इससे भूजल स्तर, पर्यावरण और सूखे के जोखिम पर भारी असर पड़ सकता है। डीएसआर तकनीक पर जोर पंजाब कृषि विभाग ने इस साल 5 लाख एकड़ क्षेत्र में डायरेक्ट सीडिंग ऑफ राइस (DSR) तकनीक अपनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए किसानों को प्रति एकड़ 1,500 रुपए की सहायता भी दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि डीएसआर तकनीक से पानी, श्रम और बिजली की खपत कम होती है। अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम 2 जून – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन समेत आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 3 जून – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4 जून – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *