लुधियाना में गैस डिलीवरी कर्मचारी से हजारों की लूट: सप्लाई देकर गोदाम जा रहा था; बाइक सवार बदमाशों ने छीनी नकदी – Ludhiana News
लुधियाना में लूटपाट की घटनाएं थम नहीं रही। ताजा मामला बस्ती जोधेवाल थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अब गैस सप्लाई कर लौट रहे एक कर्मचारी से बाइक सवार 2 युवकों ने दिनदहाड़े 12 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। शिकायत में प्रताप यादव निवासी मॉडल कॉलोनी, लुधियाना ने बताया कि वह सिमरन गैस सर्विस, जगत नगर में गैस सप्लाई का काम करता है। बीते दिन 6 जून को वह कंपनी के ऑटो रिक्शा पर गैस सिलेंडरों की सप्लाई करने के बाद वापस गोदाम जा रहा था। रास्ते में घेरकर छीनी नकदी
प्रताप यादव के अनुसार, जब वह दोपहर करीब 3:45 बजे नगेन्द्र नगर, राहों रोड के पास पहुंचा तो पीछे से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए। आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया और डराते-धमकाते हुए उसके पास मौजूद गैस सिलेंडरों की बिक्री की रकम छीन ली। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उससे करीब 12 हजार रुपये लूट लिए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि सिलेंडर सप्लाई कर्मचारियों के साथ ये लूट का पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार इस इलाके में सिलेंडर सप्लाई कर्मचारियों से लूट हो चुकी है।
Source link

