गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से 21 मामले दर्ज – Ludhiana News

गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से 21 मामले दर्ज – Ludhiana News



भास्कर न्यूज | लुधियाना पुलिस ने एटीएम लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वही गैंग है, जिसने नूरवाला रोड स्थित एटीएम को गैस कटर से काटने की कोशिश के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लुधियाना, जालंधर और फगवाड़ा में हुई एटीएम लूट और तोड़फोड़ की पांच बड़ी वारदातों की गुत्थी सुलझ गई है, जबकि गिरोह के चार अन्य सदस्य अभी फरार हैं। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार उर्फ दीपू बिहारी और जसमिंदर सिंह उर्फ जस्स निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, इंडस्ट्रियल गैस कटर, गैस सिलेंडर, पोर्टेबल कटिंग मशीन तथा वारदातों में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार बरामद की गई है। जांच के अनुसार 19-20 मई की रात आरोपियों ने नूरवाला रोड स्थित एक एटीएम को निशाना बनाया था। गैस कटर से मशीन काटते समय अचानक शॉर्ट सर्किट होने से एटीएम में आग लग गई। आग भड़कने पर आरोपी मौके से भागने लगे। इसी दौरान गश्त कर रही पीसीआर टेंगो-6 टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद थाना बस्ती जोधेवाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एडिशनल सीपी रूपिंदर सिंह, डीसीपी इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में गठित टीमों ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 25 मई को जसमिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अमृतसर के छह सदस्यीय गिरोह ने विभिन्न जिलों में एटीएम लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने 2 जून को अमृतसर में छापेमारी कर गिरोह के मुख्य सदस्य दीपक कुमार उर्फ दीपू बिहारी को दबोच लिया। उसके पास से वही पिस्तौल बरामद हुई। गिरोह के सदस्य दिन के समय सुनसान स्थानों पर लगे एटीएम की रेकी करते थे और देर रात गैस कटर की मदद से मशीनों को काटकर नकदी लूट लेते थे। मुख्य आरोपी दीपक कुमार के खिलाफ साल 2007 से 2022 के बीच हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं के तहत 21 मामले दर्ज हैं। वहीं जसमिंदर के पर पहले कोई मामला दर्ज नहीं था। कई शहरों की वारदातों को कबूला: पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जालंधर कैंट, रामा मंडी, सदर फगवाड़ा और लुधियाना में हुई एटीएम लूट तथा तोड़फोड़ की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस ने इनसे जुड़े पांच मामलों को ट्रेस कर लिया है। अब पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *