फिल्लौर में झूला टूटने से घायलों की संख्या 5 हुई: जांच कमेटी का गठन, जल्द मांगी गई रिपोर्ट; आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू – Jalandhar News

फिल्लौर में झूला टूटने से घायलों की संख्या 5 हुई:  जांच कमेटी का गठन, जल्द मांगी गई रिपोर्ट; आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू – Jalandhar News




फिल्लौर में धार्मिक मेले के दौरान झूले के हादसे को गंभीरता से लेते हुए, जालंधर जिला प्रशासन ने इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। इस हादसे में झूले का एक डिब्बा टूटने के कारण घायल लोगों की संख्या 5 हो गई है। एक महिला को सिविल अस्पताल जबकि 4 को प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
घटना के बाद SDM सिमरणजीत सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन ने एक कमेटी का गठन किया है, जिसे हादसे के कारणों की जांच करने और आयोजकों की ओर से हुई किसी भी तरह की चूक की पड़ताल करने का काम सौंपा गया है। कमेटी इस बात की भी जांच करेगी कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए सक्षम अधिकारियों से आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं। SDM ने कहा कि स्थानीय पुलिस द्वारा इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन या लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि कमेटी एक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी। घायलों का प्रशासन और मेला कमेटी करवा रही इलाज
इस बीच, घायल लोगों का जिला प्रशासन और मेला कमेटी इलाज करवा रही है। एसडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को घटना में घायल हुए सभी लोगों की उचित चिकित्सा देखभाल और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा और इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। बाबा ब्रह्मदास मेले में हुआ हादसा
पंजाब के फिल्लौर में डेरा बाबा ब्रह्मदास मेले के दौरान शनिवार शाम हादसा हो गया था। मेले में लगे एक झूले के नट-बोल्ट अचानक टूटने के कारण झूला बीच में ही टूट कर गिर गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय झूले में 30 के करीब लोग बैठे हुए थे। झूला गिरने से गंभीर घायलों को लोगों की मदद से तुरंत फिल्लौर के स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के समय कुछ लोग झूले के नीचे आसपास खड़े थे। झूला गिरने के कारण झूले में सवार लोगों के साथ-साथ नीचे खड़े लोग भी इसकी चपेट में आ गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *