अबोहर में 17 दिन से धरने पर नरेगा कर्मचारी: 23 जून को वित्त मंत्री चीमा के दिड़बा कार्यालय का करेंगे घेराव; विधायक जाखड़ का समर्थन – Abohar News

अबोहर में 17 दिन से धरने पर नरेगा कर्मचारी:  23 जून को वित्त मंत्री चीमा के दिड़बा कार्यालय का करेंगे घेराव; विधायक जाखड़ का समर्थन – Abohar News




अबोहर के ब्लॉक बलुआना और खूइयां सरवर के नरेगा कर्मचारी पिछले 17 दिनों से धरने पर हैं। उन्होंने 23 जून को वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के निर्वाचन क्षेत्र दिड़बा मंडी में राज्य स्तरीय रैली और उनके कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सरकार और अफसरशाही के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस रैली को सफल बनाने के लिए गांवों में नरेगा मेट, श्रमिकों और सरपंचों को एकजुट किया जा रहा है। इसी बीच, स्थानीय विधायक संदीप जाखड़ ने धरना स्थल पर पहुंचकर नरेगा कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण समर्थन दिया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विधायक जाखड़ ने पंजाब की ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 18-18 साल से मामूली वेतन पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को पिछले 6 महीनों से वेतन नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार केवल झूठे आश्वासन देकर समय बिता रही है। विधायक बोले- कर्मचारियों को धमकियां दी जा रही है विधायक जाखड़ ने बताया कि पहले मंत्रियों की अध्यक्षता में हुई पैनल बैठकों में कर्मचारियों को पक्का करने की मांग स्वीकार की गई थी, लेकिन अब अफसरशाही के जरिए उन्हें नौकरी से निकालने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने इसे सरकार का दोहरा चेहरा बताया और नरेगा कर्मचारियों के हक के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक आवाज उठाने का संकल्प लिया। जिला अध्यक्ष विक्रम सोखल ने स्पष्ट किया कि जब तक सेवाएं नियमित करने का नोटिफिकेशन जारी नहीं होता, तब तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अब भी मांगें नहीं मानीं, तो आने वाले दिनों में सरकार के ‘मिलनी’ कार्यक्रमों के दौरान विधायकों और मंत्रियों का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर समूह मनरेगा स्टाफ उपस्थित रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *