अकाली दल, कांग्रेस कार्यकर्ता AAP में शामिल: संगरूर के लहरागागा में मंत्री बरिंदर गोयल ने कराया पार्टी में जॉइन, बोले- पार्टी हो रही मजबूत – Sangrur News
पंजाब के लहरागागा विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार अपनी पकड़ मजबूत करती जा रही है। मुख्य विपक्षी दलों—शिरोमणि अकाली दल (SAD) और कांग्रेस पार्टी को उस समय बड़ा झटका लगा, जब उनसे जुड़े कई सक्रिय कार्यकर्ता और परिवार अन्य दलों को छोड़कर औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। क्षेत्र में हो रहे इस राजनीतिक बदलाव को कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल के सघन जनसंपर्क अभियान का सीधा परिणाम माना जा रहा है। कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल इन दिनों लहरागागा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लगातार जनसभाएं कर रहे हैं। इन बैठकों के माध्यम से वे सीधे जनता से संवाद स्थापित कर रहे हैं, जमीनी स्तर पर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और मौके पर ही उनके निवारण के उचित निर्देश दे रहे हैं। इसके साथ ही वे पंजाब सरकार द्वारा राज्य में किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों और जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों के साथ साझा कर रहे हैं। अपनी इस मुहिम के बारे में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने बताया कि हम प्रतिदिन विधानसभा क्षेत्र के पांच से छह गांवों में जाकर जनसभाएं कर रहे हैं। जनता से हमारा सीधा संपर्क है। लोग मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और जनहित के कार्यों से बेहद प्रभावित हैं। यही कारण है कि लोग विपक्ष की राजनीति छोड़ आम आदमी पार्टी के परिवार का हिस्सा बन रहे हैं।” 2027 के चुनाव से पहले विपक्ष का सूपड़ा साफ होने का दावा मंत्री गोयल ने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार लहरागागा के चौमुखी विकास और हर नागरिक की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलते हुए दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी जमीनी स्तर पर और भी अधिक मजबूत होकर उभरेगी। जनता अब झूठे वादों को दरकिनार कर केवल विकास और कार्य-आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में क्षेत्र के विपक्षी दलों को बहुत बड़ा राजनीतिक झटका लगने वाला है।” स्थानीय नेताओं और योजनाओं का असर स्थानीय ‘आप’ नेताओं के अनुसार, पंजाब सरकार की मुफ्त बिजली, आम आदमी क्लीनिक और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों ने जनता का दिल जीता है। अकाल दल और कांग्रेस के मजबूत गढ़ों में सेंधमारी के बाद लहरागागा में आम आदमी पार्टी का जनाधार और संगठन पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा है।
Source link

