मोगा में युवक की गोली मारकर हत्या में 3 गिरफ्तार: पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार और बाइक बरामद की, 2 दिन के रिमांड पर लिया – Moga News
मोगा पुलिस ने गांव कपूरे के पास बधनी कलां के रहने वाले अरसदीप सिंह उर्फ अरस की गोली मारकर हत्या करने के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस अंधी हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) सरताज सिंह चहल ने इस कामयाबी की आधिकारिक पुष्टि की है। यह वारदात बीती 29 मई की सुबह अंजाम दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अरसदीप सिंह उर्फ अरस का अपना भी एक आपराधिक बैकग्राउंड था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन मामले दर्ज थे। वह पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी समय से घर से बाहर रह रहा था और अदालत द्वारा उसे भगोड़ा (पीओ) घोषित किया गया था। हाईटेक जांच के बाद दबोचे गए तीन आरोपी अरसदीप की हत्या के बाद थाना मेहना पुलिस ने मां अमरजीत कौर के बयानों केस दर्ज किया था। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल टीम में एसपी (डी) बाल कृष्ण सिंगला, डीएसपी (डी) गुरप्रीत सिंह, डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर दिलजीत सिंह और थाना मेहना के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह शामिल थे। सीसीटीवी और साइबर टीम की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस डीएसपी धर्मकोट सुखविंदर सिंह बराड़ ने बताया कि जांच टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाली और वैज्ञानिक व तकनीकी (साइबर) तरीकों का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली और तीन आरोपियों को नामजद कर गिरफ्तार कर लिया गया। दो की निशानदेही पर हुई तीसरे की गिरफ्तारी पुलिस ने सबसे पहले जगजीत सिंह उर्फ जग्गी निवासी गांव झंडेवाला और हरकोमलप्रीत सिंह उर्फ बिल्ला निवासी बधनी खुर्द, हाल निवासी गांव खाई को गिरफ्तार किया। इन दो आरोपियों से पूछताछ के बाद इस मामले में तीसरे आरोपी जगसीर सिंह उर्फ लब्बा निवासी गांव कुस्सा गिरफ्तार किया गया। विदेशी पिस्तौल और बिना नंबर की बाइक बरामद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के समय इस्तेमाल की गई चीजें भी बरामद कर ली हैं। इसमें एक विदेशी .30 बोर पिस्तौल (जिससे गोली चलाई गई थी) एक बिना नंबर का मोटरसाइकिल (जिसका इस्तेमाल भागने के लिए किया गया था) को बरामद किया है। दो दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी, बड़े खुलासे की उम्मीद गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्या की मुख्य वजह और दूसरे आरोपियों के बारे में जानकारी की जाएगी। अरसदीप की हत्या के पीछे की मुख्य वजह रंजिश थी या गैंगवार। क्या इस मामले में कुछ और लोग भी शामिल हैं। इस केस से जुड़े कुछ और खुलासे हो सकते हैं।
Source link

