चंडीगढ़ में गोवा जैसा डबल डेकर क्रूज पहुंचा: सुखना लेक में चलेगा, किराया सिर्फ ₹370; डीजल नहीं सोलर एनर्जी से चलेगा – Chandigarh News
चंडीगढ़ की सुखना लेक पर लग्जरी क्रूज चलने वाला है। फोटो एआई जनरेटेड है।
चंडीगढ़ की सुखना लेक पर लोग गोवा की तर्ज पर सोलर एनर्जी से चलने वाले क्रूज का आनंद उठा पाएंगे। यह संभव होने जा रहा है चंडीगढ़ प्रशासन की पहल से, जिसके तहत गोवा की कंपनी से एक क्रूज खरीदा गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह एनवायरनमेंट फ्रेंडली है।
.
इसके चलने में किसी तरह का तेल, डीजल इस्तेमाल नहीं होगा। ऐसे में धुआं नहीं निकलेगा और प्रदूषण नहीं फैलेगा। वहीं, बाहर से आने वाले पक्षियों के लिए भी यह बेहतर है। यह डबल डेकर क्रूज लोगों के बजट में भी होगा, जिसका किराया साढ़े 3 सौ रुपए तक हो सकता है। वहीं, इसमें एक बार में करीब डेढ़ सौ लोग बैठ पाएंगे।
गोवा से ट्रक में लादकर इस क्रूज के पार्ट्स को लाया गया है।
किसी भी तरह के मौसम में चलने में समक्ष यह क्रूज सुखना लेक पर मौजूद नावों की तुलना में काफी बड़ा और भारी है, जिससे तेज हवा या मौसम खराब होने पर भी यह पानी में पूरी तरह संतुलित और सुरक्षित रहता है। इसकी क्षमता डेढ़ सौ सवारियों की है, लेकिन प्रशासन खुद तय करेगा कि कितनी क्षमता रखनी है।
इसके अलावा, रात के समय इसमें लगी एलईडी (LED) लाइट्स लेक के नाइट-व्यू को बेहद खूबसूरत बनाती हैं। बैठने के लिए भी क्रूज के अंदर आरामदायक व्यवस्था है, जिससे छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी बिना किसी थकान के लेक की सैर कर सकते हैं। क्रूज में बैठकर आप शिवालिक रेंज का नजारा ले पाएंगे।

सुखना लेक पर यह क्रूज पहुंच गया है। इसे यहीं पर अब असेंबल किया जा रहा है। गोवा से आए कारीगर ही इसे पूरा कर रहे हैं। इसके ऊपरी डेक पर अभी कुर्सियां और सोफे लगना बाकी हैं।
सोफा सेट वाली कुर्सियां, सुरक्षा के पूरे इंतजाम क्रूज सुखना लेक पर पहुंच गया है। अब इसमें सोलर पैनल फिट किए जा रहे हैं। इसके बाद इसे लेक में छोड़ा जाएगा। माना जा रहा है कि जुलाई तक यह प्रोसेस शुरू हो जाएगा। इसके अंदर सोफा सेट वाली कुर्सियां होगी। इस दो मंजिला क्रूज के दोनों तरफ सुरक्षा के लिए स्टील की ग्रिल होगी। कंपनी की तरफ से इसे आखिरी रूप दिया जा रहा है।
आधे घंटे के लिए 370 रुपए किराया नए क्रूज का अभी तक किराया फाइनल नहीं है। हालांकि, माना जा रहा है कि यह लगभग 370 रुपये प्रति व्यक्ति हो सकता है। क्योंकि, पहले चलने वाले लग्जरी क्रूज का रेट इसी तरह तय है। झील पर पहले से मौजूद छोटी सोलर बोट/क्रूज का किराया लगभग 100 रुपये प्रति व्यक्ति से शुरू होता है।
क्रूज राइड सुबह से शाम को सूरज डूबने तक यानी साढ़े 7 बजे तक ली जा सकती है। अब तक लेक पर एक ही क्रूज है। इस वजह से उसकी डिमांड ज्यादा रहती है। इसके चलते अब यह दूसरा क्रूज लाया गया है।

सोलर क्रूज क्यों लाए, स्टीमर से तेल रिसाव हो चुका 5 जनवरी 2026 की शाम को चंडीगढ़ की सुखना लेक के रेगुलेटरी एंड पर एक स्टीमर/क्रूज बोट से हुए भारी तेल रिसाव के कारण पानी की सतह पर करीब 200 मीटर के दायरे में काले तेल की गाढ़ी परत फैल गई। 16 जनवरी 2026 को पंजाब यूनिवर्सिटी और चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (CPCC) द्वारा लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि इस तेल की परत के कारण पानी में घुलनशील ऑक्सीजन का स्तर बेहद खतरनाक रूप से गिर गया, जिससे दम घुटने के कारण क्लेरियस और तिलापिया प्रजाति की सैकड़ों मछलियां तथा एक अजगर मृत पाए गए।
इस पारिस्थितिक संकट के बाद प्रशासन ने तुरंत रणनीति के तहत 16 जनवरी 2026 की सुबह विशेष सक्शन पंपों के जरिए दूषित तेल को बाहर निकाला। झील में तेल व ईंधन से चलने वाली सभी नावों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया, और भविष्य की सुरक्षा के लिए वर्ल्ड वाइडलाइफ फंड (WWF) के साथ मिलकर कड़े निगरानी नियम लागू करने और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस जांच करने के आदेश दिए।

जनवरी 2026 में एक स्टीमर से तेल रिसाव के कारण सुखना लेक का पानी दूषित हो गया था। इसके बाद पंप लगाकर पानी को निकाला गया। – फाइल फोटो
॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰॰
यह खबर भी पढ़ें…
चंडीगढ़ में सुखना लेक पर दौड़ाई कार, यहां सिर्फ पैदल चलने की परमिशन

चंडीगढ़ में सुखना लेक पर सैर के लिए बने पैदल ट्रैक पर एक युवक ने कार दौड़ा दी। कार में उसकी पत्नी और बच्चे भी सवार थे। कार देखकर पैदल लोगों ने शोर मचा दिया। पढ़ें पूरी खबर…

