अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़: अफगान नागरिक समेत 4 गिरफ्तार, 8 विदेशी पिस्तौल बरामद – Amritsar News
पंजाब में संगठित अपराध, अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में एक अफगान नागरिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगजीत सिंह, शमशेर सिंह, गुरलाल सिंह उर्फ राजा और अफगान नागरिक इस्माइल खेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस्माइल खेल महाराष्ट्र के पुणे में ड्राई फ्रूट के कारोबार से जुड़ा हुआ है। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप भारतीय सीमा में गिराई जाती थी। इसके बाद सीमावर्ती क्षेत्रों के कुछ युवाओं को मामूली पैसों का लालच देकर इन हथियारों को उठाने और आगे नेटवर्क तक पहुंचाने का काम सौंपा जाता था। बरामद हथियारों में एक अत्याधुनिक बेरेटा पिस्तौल, दो ऑस्ट्रियन ग्लॉक पिस्तौल, दो अन्य विदेशी हाई-टेक हथियार और एक चीनी निर्मित .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये हथियार बेहद खतरनाक हैं और इनका इस्तेमाल संगठित अपराधों में किया जाना था। हवाला नेटवर्क का भी खुलासा इतना ही नहीं, जांच में हवाला नेटवर्क के भी अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का मानना है कि ड्राई फ्रूट कारोबार की आड़ में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और दुबई से जुड़े लोगों के माध्यम से हवाला लेन-देन संचालित किया जा रहा था। मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं। पुलिस की आगे की जांच जारी पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। फिलहाल, पंजाब पुलिस अवैध हथियार तस्करी, हवाला कारोबार और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ अपना अभियान लगातार जारी रखे हुए है।
Source link

