होशियारपुर में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन: पावरकॉम के खिलाफ रैली कर जताया रोष, जून में हड़ताल की चेतावनी – Hoshiarpur News

होशियारपुर में बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन:  पावरकॉम के खिलाफ रैली कर जताया रोष, जून में हड़ताल की चेतावनी – Hoshiarpur News




होशियारपुर में पावरकॉम के आदेशों के खिलाफ बिजली कर्मचारियों ने सोमवार को तलवाड़ा सब-डिविजनल ऑफिस के सामने गेट रैली की। यह प्रदर्शन ज्वाइंट फोरम के आह्वान पर किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने प्रबंधन की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। टीएसयू सब-डिविजनल प्रेसिडेंट इंदरजीत सिंह, एम्प्लॉइज फेडरेशन के प्रेसिडेंट कुलदीप सिंह और जेई हरचरण सिंह ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पावरकॉम मैनेजमेंट कर्मचारियों और उपकरणों की कमी दूर करने के बजाय मनमाने आदेश जारी कर रहा है। टेक्निकल कर्मचारियों को ऑफिसों से हटाने के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है, जबकि नियमों के विपरीत कुछ लाइनमैन ऑफिसों में बैठकर साप्ताहिक और गजटेड छुट्टियों का लाभ ले रहे हैं। साप्ताहिक छुट्टियां नहीं मिलने का आरोप वक्ताओं ने बताया कि फीडर कर्मचारियों को साप्ताहिक छुट्टियां नहीं मिल रही हैं और उनकी कमी भी पूरी नहीं की जा रही है। मैनेजमेंट द्वारा हर दिन जारी किए जा रहे ‘तुगलकी फरमान’ बिजली कर्मचारियों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। उन्होंने मैनेजमेंट पर वर्कर्स की मांगों पर संगठनों के साथ बनी सहमति का पालन न करने का भी आरोप लगाया। इसके विरोध में संगठनों ने 21 मई से ‘वर्क-टू-रूल’ के तहत नया संघर्ष शुरू किया है। वक्ताओं ने कहा कि मैनेजमेंट वर्कर्स के मुद्दों को हल करने के बजाय टकराव की नीति अपना रहा है और फील्ड वर्कर्स पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है। उन्होंने फीडर वर्कर्स से ‘वर्क-टू-रूल’ लागू करने, 7 जून को मुख्यमंत्री के शहर संगरूर में विरोध प्रदर्शन करने और 16 व 17 जून को दो दिन की पूर्ण हड़ताल में शामिल होने की अपील की। इस अवसर पर अशोक कुमार, राजिंदर कुमार, विनय कुमार, संजीव कुमार, सुनील पलियाल, अमित कुमार, रजत कुमार, ओंकार सिंह और नरिंदर सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *