पठानकोट में 35 मिनट बंद रहा रेलवे फाटक: नैरोगेज ट्रेन का ट्रायल बना लोगों के जी का जंजाल, लगा लंबा जाम, शहरवासी हुए परेशान – Pathankot News
पठानकोट में हिमाचल प्रदेश नैरोगेज रेलवे सेवा एक बार फिर शहरवासियों के लिए समस्या का कारण बनी। बीती देर शाम ट्रायल के तौर पर हिमाचल की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के दौरान शहर के बीच स्थित ढांगू रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहा। इसके कारण पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। फाटक बंद होने से काली माता मंदिर मार्ग, ढांगू रोड, रेलवे रोड और आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
35 मिनट बंद रहा फाटक, 1 घंटे जाम
जानकारी के अनुसार, यह फाटक रात में करीब 35 मिनट तक बंद रहा, जिससे शहर के विभिन्न हिस्सों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोग 1 घंटे तक फंसे रहे। इससे पहले दोपहर के समय भी तकनीकी खराबी के चलते रेलवे फाटक काफी देर तक बंद रहा था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वाहन चालकों को हुई भारी परेशानी
इस दौरान नौकरीपेशा लोग और दोपहिया वाहन चालक जाम में फंसे रहे। लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हर रोज ट्रेन गुजरने के समय ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।
लोगों ने जताई नाराजगी
कश्यप राजपूत महासभा के प्रधान सुरेश बिट्टा ने भी इस समस्या पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहने के कारण ग्राहक बाजार तक नहीं पहुंच पाते, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा रेलवे विभाग से मांग की है कि नैरोगेज रेलवे स्टेशन को शहर से बाहर स्थानांतरित किया जाए या फिर स्थायी समाधान के तौर पर ओवरब्रिज का निर्माण करवाया जाए, ताकि शहरवासियों को रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके।
Source link

