अमृतसर में 14 और 17 वर्षीय दो बहनें लापता: कोचिंग के लिए निकली थीं, CCTV खंगाल रही पुलिस – Amritsar News
अमृतसर से दो नाबालिग लड़कियां लापता हो गई हैं। लुधियाना में हाल ही में सामने आए ऐसे मामलों के बाद अब गुरु नगरी में भी यह घटना सामने आने से चिंता बढ़ गई है। लापता लड़कियों की उम्र 14 और 17 वर्ष है। वे फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बाबा दीप सिंह कॉलोनी की निवासी हैं। पिता मनोज कुमार ने बताया कि दोनों लड़कियां प्रतिदिन की तरह कंप्यूटर कोचिंग सेंटर के लिए घर से निकली थीं। कल उनका फाइनल पेपर था। वो तकरीबन 3 बजे घर से निकली थीं। उनकी बड़ी बेटी रोज जाती है ओर कल छोटी बेटी उसे छोड़ने चली गई थी। कुछ समय बाद उनके कोचिंग सेंटर से फोन आया कि लड़की का पेपर है ओर वो आई नहीं है तो उन्होंने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार लापता हुए एक दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लड़कियों का कोई सुराग नहीं मिला है। पीड़ित परिवारों ने मीडिया से बात करते हुए अपनी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अमृतसर पुलिस और जिला प्रशासन से लड़कियों की तलाश के लिए त्वरित और गंभीर कार्रवाई करने की अपील की है। इस घटना से इलाके के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाल के दिनों में नाबालिग बच्चों के लापता होने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे अभिभावकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। लोगों ने पुलिस से ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना अमृतसर के प्रभारी किरणदीप सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इलाके और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। इसके साथ ही अलग-अलग पुलिस टीमों को लड़कियों की तलाश के लिए तैनात किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है और जल्द ही लड़कियों का पता लगा लिया जाएगा।
Source link

