जालंधर के देवी तालाब मंदिर में झड़प का नया CCTV:पहले लात घूंसे, फिर पत्थर चले, घेरा बनाकर मेयर को निकाला; 17 आरोपियों पर केस




जालंधर के देवी तलाब मंदिर में मेयर विनीत धीर द्वारा निकाली गई ‘शुकराना यात्रा’ के दौरान दो गुटों में हुआ विवाद अब एक गंभीर रूप ले चुका है। घटना के 3 दिन बाद सामने आए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज ने हिंसा की भयावहता को उजागर कर दिया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे, ईंट और पत्थर बरसाते नजर आ रहे हैं। झड़प के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मंदिर परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। रविवार को देवी तलाब मंदिर हुई थी झड़प दरअसल, यह पूरा मामला रविवार का है, जब जालंधर शहर के नार्थ हलके की कमान मिलने की खुशी में मेयर विनीत धीर की ओर से एक भव्य ‘शुकराना यात्रा’ का आयोजन किया गया था। इस यात्रा में आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ भारी संख्या में समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इसी दौरान शहर के दो ऐसे चर्चित गुट भी यात्रा में मौजूद थे, जिनके बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। 2 गुटों में चले जमकर लात घूंसे यात्रा जब मंदिर परिसर के पास पहुंची, तो किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह जुबानी जंग हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दोनों गुटों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया और मंदिर परिसर में ही ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पत्थरों की बौछार होते ही मौके पर भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सीसीटीवी में मेयर को सुरक्षित निकालते दिखे सुरक्षाकर्मी हिंसा इतनी भीषण थी कि मेयर विनीत धीर को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए उनके सुरक्षाकर्मियों को कड़ा संघर्ष करना पड़ा। वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस और सिक्योरिटी गार्ड्स मेयर को अपने सुरक्षा घेरे में लेकर तेजी से मंदिर परिसर से बाहर निकालते हैं। मेयर के वहां से सुरक्षित निकलने के बाद भी दोनों पक्ष काफी देर तक एक-दूसरे पर ईंटें बरसाते रहे और बाद में मौके से फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में पुलिस कर रही रेड सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करते हुए करीब 17 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि, सभी आरोपी फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *