गर्भवती महिलाओं के लिए जिला अस्पताल में जांच शिविर लगा – Jalandhar News

गर्भवती महिलाओं के लिए जिला अस्पताल में जांच शिविर लगा – Jalandhar News



भास्कर न्यूज | जालंधर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूरे होने पर सिविल अस्पताल के एमसीएच सेंटर में गर्भवती महिलाओं के विशेष जांच शिविर का निरीक्षण किया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नमिता घई ने शिविर की व्यवस्थाओं, जांच प्रक्रिया और उपलब्ध सेवाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया। सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग ने बताया कि जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में विशेष चेकअप कैंप लगाकर गर्भवती महिलाओं की एंटीनेटल (एएनसी) जांच की गई, ताकि विशेषज्ञ महिला चिकित्सक द्वारा नियमित चिकित्सा परीक्षण सुनिश्चित हो सके। विभाग का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (हाई रिस्क प्रेगनेंसी) के मामलों को समय रहते ट्रैक करना है। इन कैंपों के जरिए गर्भावस्था के दौरान संभावित समस्याओं की पहचान कर समय पर सटीक उपचार किया जा सकेगा, जिससे मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ रहें। डॉ. नमिता घई ने आहार में हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल और भोजन पकाने में आयोडीन युक्त नमक के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे खून की कमी रोकी जा सके। वरिष्ठ मेडिकल अफसर डॉ. वरिंदर कौर थिंद (गायनी) ने बताया कि हर महीने 9 और 23 को विशेष कैंप में जांच, लैब टेस्ट, दवाएं, 108 एंबुलेंस, परिवार नियोजन और प्रसव योजना जैसी सेवाएं दी जाती हैं। मौके पर डॉ. वनिंदर रियाड़, डॉ. हरवीन, डॉ. नवनीत अरोड़ा, डॉ. मनीश सागर, डॉ. जशन, डॉ. नेहा, डॉ. प्रिया, गुरदीप सिंह, असीम शर्मा और नीरज शर्मा मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *