मानसा नहर में दरार, 50 एकड़ जमीन डूबी: धान की फसल और शहरी इलाकों में भरा पानी; किनारों पर कटाव से किसान परेशान – Mansa News
मानसा जिले के कस्बा भिखी में नहर में बड़ा कटाव आने से 50 एकड़ से अधिक कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इस घटना से किसानों की धान की पनीरी और मक्की की फसल डूब गई, वहीं शहर से सटे इलाकों में भी पानी भर गया है। यह दरार रात के समय भिखी से गुजरने वाली नहर में पड़ी। पानी बुढलाडा रोड तक पहुंच गया, जिससे व्यापक जलभराव हुआ। भरपूर सिंह, मलकीत सिंह, सोनू सिंह, धनजीत सिंह और देव करण ने बताया कि नहर के नीचे से भिखी शहर की सीवरेज पाइपलाइन निकालने का काम चल रहा था, जिसके कारण यह कटाव आया। उन्होंने यह भी बताया कि नहर पर एक पुल का निर्माण कार्य भी जारी था, जो नहर टूटने का एक कारण हो सकता है। ग्रामीणों के अनुसार, बीते दिन ही नहर में पानी छोड़ा गया था। नहर टूटने से अब किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कमी का सामना करना पड़ेगा। लोगों ने यह भी बताया कि जिस स्थान पर नहर टूटी है, वहां उसकी हालत पहले से ही जर्जर थी। नहर के किनारों पर बड़ी दरारें और कटाव मौजूद थे, और किनारे लगातार खिसक रहे थे। नहरी विभाग पर लापरवाही का आरोप स्थानीय लोगों ने नहरी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके कारण किसानों और आम लोगों को भारी नुकसान हुआ है। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद प्रशासन या नहरी विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही कोई सहायता प्रदान की गई।
Source link

