चंडीगढ़ प्लेबॉय क्लब क्लब में सिक्योरिटी गार्ड का शव मिला: ड्यूटी के दौरान हुई मौत, हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा – Chandigarh News
चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित एक क्लब में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय राधेश्याम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और वर्तमान में चंडीगढ़ के दड़वा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस फिलहाल प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार राधेश्याम इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित प्लेबॉय क्लब में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्यरत था। शुक्रवार रात वह रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर पहुंचा था। उसकी ड्यूटी रात 8 बजे से शनिवार सुबह 8 बजे तक थी। रात के दौरान वह क्लब परिसर में अकेला मौजूद था। सुबह शिफ्ट बदलने पहुंचे गार्ड ने देखा शनिवार सुबह करीब 8 बजे दूसरी शिफ्ट का सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी संभालने के लिए क्लब पहुंचा। उसने मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपने पास मौजूद दूसरी चाबी की मदद से दूसरे गेट से अंदर प्रवेश किया। अंदर जाने पर उसने देखा कि राधेश्याम जमीन पर पड़ा हुआ था। उसने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठा। इसके बाद उसने तुरंत क्लब प्रबंधन और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधेश्याम को तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत घटना की सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने क्लब के अंदर और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई गई, ताकि जांच के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज न किया जाए। इसके अलावा मौके से कुछ जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिस कमरे में वह मिला, वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं पाया गया। इसी वजह से पुलिस फिलहाल हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
Source link

