चंडीगढ़ में मिला जला हुआ कुत्ता: एक महीने में दूसरी क्रूर वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस, देर रात राहगीर ने दी सूचना – Chandigarh News

चंडीगढ़ में मिला जला हुआ कुत्ता:  एक महीने में दूसरी क्रूर वारदात, CCTV खंगाल रही पुलिस, देर रात राहगीर ने दी सूचना – Chandigarh News




चंडीगढ़ में पशुओं के प्रति क्रूरता का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर-28 में सड़क किनारे एक जला हुआ कुत्ता मिला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुत्ते की मौत आग लगने से हुई या उसे पहले मारकर जलाया गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि करीब एक महीने पहले ही बापूधाम कॉलोनी में एक युवक द्वारा जिंदा पिल्ले को तंदूर में फेंकने का मामला सामने आया था। उस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। देर रात राहगीर ने दी पुलिस को सूचना जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच एक राहगीर सेक्टर-28 से गुजर रहा था। इस दौरान उसे सड़क किनारे से तेज बदबू आने का एहसास हुआ। जब उसने पास जाकर देखा तो पेड़ों के नीचे सूखे पत्तों और कचरे के ढेर में आग लगी हुई थी। आग के बीच उसे एक कुत्ता दिखाई दिया, जो बुरी तरह जल चुका था। राहगीर ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस थाना-26 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि तब तक कुत्ता पूरी तरह जल चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने राख, जले हुए अवशेष और अन्य नमूने एकत्र किए। साथ ही पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करवाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुत्ते को आग में जिंदा जलाया गया था या उसकी मौत पहले हो चुकी थी। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच अभियान शुरू कर दिया है। सेक्टर-28 और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग किसने लगाई और कुत्ता वहां कैसे पहुंचा। इसके अलावा पुलिस स्थानीय लोगों, दुकानदारों और क्षेत्र के सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय किसी ने कोई संदिग्ध गतिविधि देखी थी या नहीं। पिल्ले को तंदूर में फेंका गौरतलब है कि करीब एक माह पहले बापूधाम कॉलोनी में पशु क्रूरता की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई थी। वहां एक युवक ने कथित रूप से जिंदा कुत्ते के पिल्ले को जलते तंदूर में फेंक दिया था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी पहचान बापूधाम फेस-दो निवासी 25 वर्षीय नीरज उर्फ भोला के रूप में हुई थी। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *