पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: लुधियाना में 4 लुटेरों से भिड़ी महिला; वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालु की एक्सीडेंट में मौत – Mohali News
लुधियाना में लूटपाट करने आए बदमाशों से अपना बचाव करती हुए महिला।
लुधियाना में एक महिला से लूटपाट का मामला सामने आया है। महिला ने बदमाशों का डटकर मुकाबला किया, लेकिन आरोपी उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
.
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की है। महिला एटीआई रोड पर करतार चौक के पास थैला लेकर पैदल जा रही थी। उस समय सड़क पर सन्नाटा था। इसी दौरान सामने की ओर से बाइक पर सवार दो युवक आए। उन्होंने पहले महिला को रोकने की कोशिश की और फिर कुछ दूरी पर जाकर रुक गए।
इसके बाद चार नकाबपोश बदमाशों ने महिला को घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घायल होने के बावजूद महिला बदमाशों से भिड़ती रही और अपना सामान बचाने का प्रयास करती रही।
काफी देर तक संघर्ष के बाद आरोपी महिला का मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं का एक्सीडेंट, एक व्यक्ति की मौत
लुधियाना के साहनेवाल इलाके में वैष्णों देवी से लौट रहे यात्रियों का एक्सीडेंट हो गया। यात्री आल्टो कार में सवार थे। कार के आगे एक अज्ञात वाहन ने अचानक ब्रेक लगा दी जिस कारण पीछे से आ रही गाड़ी अनियंत्रित हो गई।
कार में बैठे लोगों को काफी चोटें आई। एक 46 वर्षीय व्यक्ति के सिर पर ज्यादा चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। उसे अस्पताल भेजा गया। जहां से चंडीगढ़ रेफर किया लेकिन वहां व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक व्यक्ति के दो बच्चे बेटा और बेटी है। मृतक देहरादून का रहने वाला था। जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

