मोगा में 500 पुलिसकर्मियों का फ्लैग मार्च: चुनाव से पहले हर एंट्री पॉइंट पर नाकाबंदी, शराब-नशा बांटने वालों पर रहेगी कड़ी नजर – Moga News
मोगा में नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी कड़ी में एसएसपी सरताज सिंह चाहल के निर्देश पर मोगा शहर में विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया। यह मार्च एसपीडी बालकृष्ण सिंगला के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 500 पुलिस कर्मियों ने हिस्सा लिया। फ्लैग मार्च थाना सिटी मोगा से शुरू होकर मुख्य बाजार, प्रताप रोड, रेलवे रोड, अमृतसर रोड और अन्य प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए वापस प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुआ। मार्च में डीएसपी सिटी जतिंद्र सिंह, डीएसपी गुरप्रीत सिंह, विभिन्न थाना प्रभारियों, ट्रैफिक पुलिस और पीसीआर टीमों ने भाग लिया। ASPD बोले- सुरक्षा का भरोसा पैदा करना उद्देश्य एसपीडी बालकृष्ण सिंगला ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि पुलिस चुनाव आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन कर रही है तथा असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिले के सभी प्रवेश मार्गों पर 24 घंटे पुलिस तैनात कर वाहनों की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति पैसे, शराब या नशीले पदार्थ बांटने की कोशिश करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। बिना अनुमति हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उधर, नगर पंचायत कोटईसे खां में भी एसपी संदीप सिंह मंड के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों ने लोगों से निर्भय होकर मतदान करने की अपील की।
Source link

