लुधियाना में सरेआम गुंडागर्दी: दूध-दही लेने जा रहे 65 वर्षीय किराना दुकानदार को 5 बदमाशों ने हथियारों से काटा, 25 हजार की नकदी लूटी – Ludhiana News
लुधियाना में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े राहगीरों और दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला थाना सदर के अंतर्गत आते इलाके ललतों कलां का है जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किराना दुकानदार को 5 बदमाशों ने घेर कर तेजधार हथियारों से बुरी तरह लहूलुहान कर दिया और दुकान की करीब 25 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग के बयानों के आधार पर 2 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। वेरका प्लांट से दुकान का सामान लेने जा रहे थे बुजुर्ग पुलिस को दी गई शिकायत में 65 वर्षीय बुजुर्ग सोहन सिंह ने बताया कि वह गांव मंसूरां में ही किराने की दुकान चलाते हैं। रोजाना की तरह 22 मई को वह अपनी दुकान के लिए दूध और दही लेने के लिए लुधियाना के वेरका प्लांट जा रहे थे। उनके पास दुकान की खरीददारी के लिए नकदी भी मौजूद थी। रास्ते में घेर कर बोला धावा, तेजधार हथियारों से किया हमला सोहन सिंह ने बताया कि जब वह मंसूरां से आगे ललतों कलां और झेड़ा गांव के बीच पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब 5 युवकों ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की और उनके पास मौजूद 20 से 25 हजार रुपये की नकदी छीन ली। गांव के ही निकले दो लुटेरे, पीड़ित ने पहचाना वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित सोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में से दो युवकों को उन्होंने पहचान लिया है। वे दोनों उनके ही गांव मंसूरां के रहने वाले हैं, जिनके नाम किंदर और जग्गी हैं। बाकी तीन युवकों को वह नहीं जानते। इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी (IO) सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटी गई रकम बरामद की जाएगी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अज्ञात आरोपियों की भी पहचान की जा सके।
Source link

