जालंधर में कार की टक्कर में बाइक सवार की मौत: नकोदर रोड पर हादसा, एक युवक गंभीर घायल; चालक मौके से फरार – Jalandhar News
जालंधर के नकोदर रोड स्थित गांव सिंघा के पेट्रोल पंप के सामने एक कार और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना तब हुई जब दोनों युवक गांव सिंघा से मोटरसाइकिल पर सवार होकर लांबड़ा की ओर जा रहे थे। अचानक उनकी मोटरसाइकिल आगे चल रही एक आर्टिका कार से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक युवक की पहचान विकास (19 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक की पहचान अभिषेक (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया गांव सिंघा के पंचायत सदस्य जिंदा ने बताया कि दोनों बाइक सवार उनके गांव के थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सड़क सुरक्षा पुलिस बल ने बाधित रास्ते को खुलवाया, जबकि स्थानीय पुलिस लांबड़ा ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
Source link

