अबोहर में चलती प्रेस ने लगाई आग, पूरा कमरा जला: लाखों का नुकसान, दमकल ने सिलेंडर निकालकर बड़ा हादसा टाला – Abohar News
अबोहर में चलती प्रेस बिस्तर पर छोड़ने से एक कमरे में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और एक भरे हुए गैस सिलेंडर को बाहर निकालकर बड़े हादसे को टाल दिया। धर्म नगरी गली नंबर 9 निवासी हरमेल सिंह उर्फ काला सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थी। सुबह वह अपने घर के एक कमरे में कपड़ों पर प्रेस कर रहे थे। उन्होंने गलती से चलती प्रेस को बिस्तर पर छोड़कर अपने दूसरे घर चले गए। कुछ देर बाद पड़ोसियों ने उन्हें कमरे से धुआं निकलने की सूचना दी। पड़ोसियों ने तुरंत दमकल विभाग को भी सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी देवकरण और अर्शदीप मौके पर पहुंचे। फायर विभाग ने आग पर पाया काबू जब दमकल कर्मी पहुंचे, तब तक आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी। दोनों कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सबसे पहले बिजली की तारें काटीं। इसके बाद वे कमरे के अंदर घुसे और भरे हुए गैस सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से बच गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इस घटना में हरमेल सिंह के कमरे में रखा सारा सामान, जिसमें बिस्तर, पेटी, कपड़े और अलमारी शामिल थे, पूरी तरह जलकर राख हो गया। इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल कर्मियों की बहादुरी की सराहना की और कहा कि यदि सिलेंडर बाहर न निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Source link

