तरनतारन में फिरौती कॉल के बाद दो घरों पर फायरिंग: मेडिकल स्टोर संचालक समेत दो परिवार निशाने पर, पुलिस जांच में जुटी – tarn-taran News
तरनतारन के पट्टी शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति उस समय बिगड़ गई जब देर रात फिरौती के लिए आए कॉल के बाद दो घरों में अंधाधुंध फायरिंग की खबर मिली। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में काफी दहशत है। पहली घटना पट्टी के वार्ड नंबर 18 में स्थित विशाल कॉलोनी की है। यहां रहने वाले मेडिकल स्टोर के विक्रेता दीपक मेहता, जो हीरा लाल के बेटे हैं, के घर के बाहर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने छह गोलियां चलाईं। हमलावरों ने पहली गोली घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर चलाई। पीड़ित दीपक मेहता ने बताया कि पट्टी मोड़ पर उनका मेडिकल स्टोर है, जहां पहले भी गोलियां चलाकर उन्हें डराने की कोशिश की गई थी। उन्होंने बताया कि कल रात हुए हमले के बाद उन्हें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी गई है, जिसमें प्रभ दासूवाल ने फिरौती मांगी है। पीड़ित परिवार ने इस बारे में जिला पुलिस प्रमुख को सूचित किया है और न्याय तथा सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी इसी तरह, शहर के एक और नागरिक परवेज मरवाहा पुत्र गोपाल दास के घर के बाहर रात को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने फायरिंग की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। एक ही रात में हुई इन दो घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस अलर्ट हो गई है। मामले की जानकारी देते हुए डी.एस.पी. पट्टी रविशेर सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों घटनास्थलों के पास और शहर की मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। फुटेज में दिखे संदिग्ध युवकों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। डीएसपी ने दावा किया कि पुलिस जल्द ही इन शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज देगी।
Source link

