लुधियाना में वक्फ बोर्ड की टीम पर हमला: जमीन पर कब्जा लेने पहुंची थी, रेंट कलेक्टर को पीटा; गंभीर चोटें आईं – Ludhiana News
लुधियाना में वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने पहुंची टीम पर हमले किया गया। थाना हैबोवाल पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और हमला करने के आरोप में पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि हमलावरों ने बोर्ड के कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें एक रेंट कलेक्टर घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पंजाब वक्फ बोर्ड (लुधियाना) की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत संख्या ईओ/पीडब्ल्यूबी/एलडीएच/3040, दिनांक 29 जुलाई 2026 के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस सहायता के साथ बोर्ड की टीम कब्जा लेने पहुंची शिकायतकर्ता परमजीत सिंह, एस्टेट ऑफिसर, पंजाब वक्फ बोर्ड ने बताया कि 24 जुलाई को जारी वारंट ऑफ पजेशन के तहत 29 जुलाई को पुलिस सहायता के साथ बोर्ड की टीम कब्जा लेने के लिए गांव जस्सियां पहुंची थी। टीम में पंजाब वक्फ बोर्ड के हलका कानूनगो जसवीर सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे। वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने का विरोध जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, वहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और वक्फ बोर्ड की जमीन का कब्जा लेने का विरोध करने लगे। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने गुस्से में आकर बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। जान से मारने की नीयत से कर्मचारियों के साथ मारपीट शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें वक्फ बोर्ड के रेंट कलेक्टर मोहम्मद अदनान को गंभीर चोटें आईं। स्थिति बिगड़ने के बाद बोर्ड की टीम किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से बाहर निकली। इन आरोपियों को किया गया नामजद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनप्रीत सिंह, हरजीत सिंह चीमा, नरेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी, पवन मान उर्फ बबला समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 221, 115(2), 126 और 351 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
Source link
