लुधियाना में शराब डिलीवरी देने आया तस्कर काबू: 12 घंटे तक कार खोलने की कोशिश, फिर आरोपी से ही तुड़वाया लॉक; 15 पेटियां बरामद – Ludhiana News
लुधियाना में एक्साइज विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जगराओं के गांव अजीतवाल से खेप लेकर डिलीवरी देने पहुंचे एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी कार से 15 पेटियां शराब बरामद की गई हैं। एक्साइज टीम और स्थानीय पुलिस को शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार में अवैध शराब की खेप लेकर फतेहगंज मोहल्ला में डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और मौके पर पहुंचकर एक सिटी होंडा कार को कब्जे में ले लिया। रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील को मौके से काबू कर लिया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत कार को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी। 12 घंटे तक नहीं खुला कार का लॉक पुलिस और एक्साइज टीम करीब 12 बजे से कार का लॉक खोलने का प्रयास करती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार दोपहर 12 बजे के बाद भी जब गाड़ी का लॉक नहीं खुला तो पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सुनील से ही कार का शीशा तुड़वाया। शीशा टूटने के बाद जब कार की डिग्गी खोली गई तो उसमें से शराब की 15 पेटियां बरामद हुईं। रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट और देसी शराब मिली एक्साइज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की गई है। बरामद शराब में रॉयल स्टैग, आइकॉनिक व्हाइट और देसी शराब की कुल 15 पेटियां शामिल हैं। शराब किसकी है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, यह जांच का विषय है। फरार आरोपियों की तलाश जारी मामले के जांच अधिकारी एएसआई राममूर्ति ने बताया कि आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Source link

