संगरूर में महिला तस्कर गिरफ्तार: 8 किलो भुक्की चूरा पोस्त बरामद, पुलिस को देख थैला फेंक भागी; पीछा कर दबोचा – Barnala News
संगरूर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महिला को 8 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला चौकी भलवान के इंचार्ज एएसआई कमलजीत सिंह द्वारा भेजे गए रुक्का के आधार पर थाना सदर धूरी में दर्ज किया गया। पुलिस टीम नियमित गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के सिलसिले में गांव कौलसेड़ी से गांव सुमंदगढ़ छन्ना की ओर जा रही थी। इसी दौरान, जब पुलिस पार्टी गांव कंधारगढ़ के बस स्टैंड से कुछ दूरी आगे पहुंची, तो एक महिला पुलिस को देखकर घबरा गई। पुलिस के अनुसार, महिला ने पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख अपने हाथ में पकड़ा प्लास्टिक का थैला सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करके आरोपी को पकड़ा उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस कर्मियों ने तुरंत पीछा कर उसे काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान परमजीत कौर पत्नी कुलदीप सिंह निवासी गांव सुमंदगढ़ छन्ना, थाना सदर धूरी के रूप में हुई। जब पुलिस ने महिला द्वारा फेंके गए प्लास्टिक के थैले की तलाशी ली, तो उसमें से 8 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद हुए। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर पुलिस ने मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।सदर धूरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपी महिला पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
Source link

