मोहाली में दो ट्रकों की टक्कर, एक चालक की मौत: खरड़-कुराली हाईवे पर यू-टर्न लेते समय हादसा, मृतक की पहचान नहीं, दूसरा फरार – Kharar News
मोहाली के खरड़-कुराली हाईवे पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर के कारण दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर यातायात लंबे समय तक बाधित रहा। मृत ट्रक चालक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर उसकी जानकारी जुटा रही है। उधर दूसरा ट्रक चालक मौके से फरार है। पुलिस का कहना है कि चालक को अस्पताल पहुंचाने वालों का भी पता नहीं चला है। फरार ट्रक चालक के बारे में पता किया जा रहा है। अचानक रेत भरे ट्रक के मुड़ने के कारण हुआ हादसा प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ट्रक लकड़ी से लदा हुआ कुराली से खरड़ की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक रेत से भरा हुआ था। रयात कॉलेज के पास रेत से भरा ट्रक यू-टर्न लेकर कुराली की दिशा में मुड़ रहा था। तभी पीछे से आ रहे लकड़ी से लदे ट्रक ने संतुलन खो दिया और रेत वाले ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी से लदा ट्रक पलट गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। रेत से भरा ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन उसका चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। गंभीर हालत में चंडीगढ़ रेफर, लेकिन रास्ते में ही मौत हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने लकड़ी वाले ट्रक के गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया। सिविल अस्पताल में उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान का किया जा रहा प्रयास पुलिस के मुताबिक, मृतक चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों का भी पता नहीं चल सका है, और उनके मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं। रेत से भरे ट्रक का चालक हादसे के बाद फरार हो गया। फरार चालक की पहचान करने और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
Source link

