घर के बाथरूम में मिला 35 वर्षीय युवक का शव: कपूरथला में तीन दिन बाद बदबू आने पर खुला मामला, जांच में जुटी पुलिस – Kapurthala News
कपूरथला के मोहल्ला शेरांवाला में एक घर के बाथरूम से 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। पड़ोसियों की सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। एसएचओ अमनदीप नाहर ने मामले की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है। पुलिस को पड़ोसियों ने घर से बदबू आने की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घर की जांच की तो बाथरूम में युवक का शव मिला। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत दो-तीन दिन पहले हो चुकी थी। मृतक की पहचान वरिंदर कुमार अग्रवाल (35) पुत्र सुरेशपाल, निवासी मोहल्ला शेरांवाला, कपूरथला के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी पुलिस जांच में सामने आया है कि वरिंदर अपने माता-पिता के निधन के बाद घर में अकेला रहता था और उसकी शादी भी नहीं हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक को कभी-कभी स्वास्थ्य संबंधी दौरे पड़ने की समस्या थी। आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय अचानक तबीयत बिगड़ने या किसी स्वास्थ्य समस्या के कारण वह बाथरूम में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद न होने के कारण शव कई दिनों तक वहीं पड़ा रहा। शुक्रवार देर रात पड़ोसियों की शिकायत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source link

