जालंधर में मेरिटन होटल के पास हादसा: कार सवार युवतियों ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल,परिजनों ने लगाया नशे का आरोप – Jalandhar News

जालंधर में मेरिटन होटल के पास हादसा:  कार सवार युवतियों ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल,परिजनों ने लगाया नशे का आरोप – Jalandhar News




जालंधर में मेरिटन होटल के पास सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के समय कार में युवतियां सवार थीं, जिन पर परिजनों और चश्मदीदों ने नशे में होने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं कि उन्होंने बिना किसी कड़े मेडिकल टेस्ट या सख्त कार्रवाई के आरोपियों को छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद लहूलुहान हालत में दोनों युवकों को इलाज के लिए नजदीकी जौहल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक नौजवान की पहचान प्रशोत्तम लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से बिजली (इलेक्ट्रिशियन) का काम करता था। वह शादीशुदा था और अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गया है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे युवक की पहचान मंदीप उर्फ मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश की दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर आया है और अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उसकी सर्जरी की गई है। इस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के परिवार स्थानीय थाने में एकत्रित हैं।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा मामले की जानकारी देते हुए चश्मदीद कमलेश कुमार ने बताया कि देर रात उसे घटना की सूचना मिलते ही वह महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गया था। कुछ ही समय बाद पुलिस भी वहां आ गई। चश्मदीद के अनुसार, सफेद रंग की बलेनो कार अत्यंत तेज गति में थी और एक रिक्शा को ओवरटेक करने के चक्कर में कार चालक युवती ने नियंत्रण खो दिया और बाइक को सामने से सीधे टक्कर मार दी। चश्मदीद ने आरोप लगाया कि कार चला रही युवती और उसकी सहेलियां नशे में धुत्त लग रही थीं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हादसे के बाद घायल युवक काफी समय तक सड़क पर तड़पते रहे और खून बहता रहा, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई करने के बजाय कार सवार युवतियों के भाइयों के साथ करीब 45 मिनट तक बातचीत करने में व्यस्त रही। कार में कुल 4 युवतियां सवार थीं, जिन्हें कथित तौर पर बिना किसी ठोस कानूनी प्रक्रिया या ऑन-द-स्पॉट मेडिकल टेस्ट के मौके से जाने दिया गया।
हादसे में एक की मौत, एक घायल घायल मुकेश कुमार ने अस्पताल में होश आने पर बताया कि वे दोनों नंदिनी से वापस लौट रहे थे, तभी सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वे दोनों बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। जौहल अस्पताल के डॉक्टर अमित चौधरी ने बताया कि जब दोनों को अस्पताल लाया गया, तब प्रशोत्तम की हालत बहुत गंभीर थी और अत्यधिक खून बह जाने के कारण देर रात करीब 1:50 बजे उसने दम तोड़ दिया। वहीं, मुकेश की सुबह 5 बजे सर्जरी की गई है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दोनों पक्षों के बयान के आधार पर होगी कार्रवाई वहीं,एएसआई सुखदेव ने बताया कि पुलिस को देर रात करीब 10 बजे इस हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। एएसआई ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों के आधिकारिक बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। युवतियों के मेडिकल न करवाए जाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि अगर पीड़ित पक्ष इस संबंध में लिखित शिकायत देता है तो इसकी भी पूरी जांच होगी। फिलहाल पुलिस ने कार सवार युवती का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *