गुरुधामों के दर्शन के लिए पाकिस्तान जाएगा श्रद्धालुओं का जत्था: SGPC दफ्तर से कल मिलेंगे पासपोर्ट, 10 जून को होगी रवानगी – Amritsar News
पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुधामों के दर्शन के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से 541 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान जाएगा। शिरोमणि कमेटी के अनुसार, इस जत्थे को 10 जून को अमृतसर स्थित कमेटी कार्यालय से रवाना किया जाएगा। इसके लिए कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए थे, जिनमें से 541 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है, जबकि 20 श्रद्धालुओं को वीजा नहीं मिल सका। 18 जून को पाकिस्तान में होंगे गुरु अर्जन देव जी के शहीदी समागम धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि पाकिस्तान में 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस से संबंधित मुख्य धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। जत्था विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के बाद इन समागमों में शामिल होगा और 19 जून को भारत वापस लौटेगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिन श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हो चुका है, वे कल 9 जून को कार्यालय समय के दौरान शिरोमणि कमेटी कार्यालय से अपने पासपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, 20 श्रद्धालुओं को वीजा नहीं मिल पाया है। शिरोमणि कमेटी ने संबंधित श्रद्धालुओं की सूची भी जारी कर दी है। शहीदी पर्व यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह गौरतलब है कि हर वर्ष श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए जाते हैं और धार्मिक समागमों में भाग लेते हैं। इस बार भी श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
Source link

