20 लाख के कर्ज से परेशान किसान ने निगली सल्फास: संगरूर में इलाज के दौरान मौत, 3 बच्चों का पिता था; पुलिस जांच में जुटी – Sangrur News
संगरूर जिले के सुनाम के निकटवर्ती गांव खडियाल में कर्ज से परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय दर्शन सिंह, पुत्र दलीप सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसान पर करीब 20 लाख रुपये का सरकारी और निजी कर्ज था, जिसके कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। मृतक के भाई सतनाम सिंह ने बताया कि दर्शन सिंह ने खेत में जाकर जहरीला पदार्थ सल्फास की गोलियां निगल लीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल, सुनाम लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सतनाम सिंह बोले- दर्शन सिंह के पास केवल तीन एकड़ कृषि भूमि थी सतनाम सिंह के अनुसार, दर्शन सिंह के पास केवल तीन एकड़ कृषि भूमि थी और उसके तीन बच्चे हैं। खेती में लगातार हो रहे घाटे तथा परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए उसे बैंकों और आढ़तियों सहित विभिन्न स्रोतों से कर्ज लेना पड़ा। धीरे-धीरे यह कर्ज करीब 20 लाख रुपये तक पहुंच गया था। आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने में असमर्थता के कारण वह लंबे समय से तनाव में था। मामले की जांच कर रहे पुलिस चौकी महलां चौक के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलकार सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे अमरीक सिंह के बयान के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन एकता (उगराहां) के नेताओं राम सरन सिंह उगराहां और सुखपाल सिंह मानक कनकवाल ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि मृतक किसान का पूरा कर्ज माफ किया जाए और परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा व हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
Source link

